उदयपुर में पंचायती राज चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने तैनात रिजर्व पुलिस बल।

उदयपुर। उदयपुर जिले में पंचायती राज चुनाव-2026 के द्वितीय चरण का मतदान और मतगणना शनिवार को कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में पुलिस प्रशासन की रणनीतिक सुरक्षा व्यवस्था के चलते गोगुन्दा, सायरा, बड़गांव, कोटड़ा, देवला और सुलाव पंचायत समितियों में चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्वक पूरी कराई गई। इस चरण में जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच, वार्ड पंच और उप सरपंच पदों के लिए मतदान हुआ। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर मतगणना कराई गई।

चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की कमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) मुकुल शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) उमेश ओझा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (खैरवाड़ा) रजत बिश्नोई ने संभाली। संबंधित वृत्ताधिकारियों (CO) और थानाधिकारियों ने पुलिस जाब्ते के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त की और कानून व्यवस्था की स्थिति पर निगरानी बनाए रखी।

प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल और होमगार्ड्स की तैनाती की गई थी। वहीं, चिन्हित संवेदनशील और क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सशस्त्र पुलिस बल लगाया गया। पुलिस की मोबाइल टीमों ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ समन्वय स्थापित कर संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार फ्लैग मार्च किया। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पंचायत समिति मुख्यालयों पर ढाल, हेलमेट और पम्प एक्शन गन जैसे दंगा निरोधक उपकरणों से लैस रिजर्व बल तैनात रखा गया। इसके साथ ही जिला मुख्यालय पर रिजर्व कंपनियों को अलर्ट मोड पर रखा गया था।

जिले के भौगोलिक रूप से दुर्गम और डार्क जोन वाले क्षेत्रों में प्रभावी संचार व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्टेटिक वायरलेस सेट स्थापित किए गए। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 163 की कड़ाई से पालना करवाई गई। इसके अलावा सादा कपड़ों में तैनात खुफिया टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी।

द्वितीय चरण का मतदान और मतगणना शांतिपूर्ण संपन्न होने पर जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों, जवानों और प्रशासनिक कर्मियों की कर्तव्यपरायणता की सराहना की। उन्होंने शांति व्यवस्था बनाए रखने और मतदान प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर सहयोग देने के लिए जिले के मतदाताओं एवं आमजन का आभार जताया। पुलिस और प्रशासन के समन्वित सुरक्षा प्रबंधन के बीच उदयपुर जिले की छह पंचायत समितियों में चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न हुई।

Tags: