खेरोदा में रविवार को गूंजेगी घोष की धुन, विजयादशमी पर निकलेगा संघ का भव्य पथ संचलन
खेरोदा में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का विजयादशमी उत्सव आयोजित होगा। प्रातः 7:30 बजे खाई मैदान से शुरू होने वाले कार्यक्रम के बाद स्वयंसेवकों का भव्य पथ संचलन नगर के प्रमुख मोहल्लों और चौराहों से गुजरेगा।
खेरोदा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से रविवार को विजयादशमी उत्सव एवं भव्य पथ संचलन का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान पूर्ण गणवेश में स्वयंसेवक घोष की धुन पर कदमताल करते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरेंगे। पथ संचलन का विभिन्न मोहल्लों और चौराहों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया जाएगा।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, खेरोदा मंडल की ओर से आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ रविवार को प्रातः 7:30 बजे थाने के सामने स्थित खाई मैदान में होगा। भारतीय संस्कृति में विजयादशमी का पर्व शक्ति, शौर्य तथा अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक माना जाता है। संघ के लिए इस दिन का विशेष महत्व है, क्योंकि वर्ष 1925 में इसी दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना हुई थी।
उत्सव के बाद स्वयंसेवकों का पथ संचलन शुरू होगा। पूर्ण गणवेश में घोष की धुन पर अनुशासित कदमताल करते हुए स्वयंसेवक संगठन, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति एवं सामाजिक समरसता का संदेश देंगे।
पथ संचलन खाई मैदान से रवाना होकर कन्याशाला स्कूल के पीछे, जाटों का मोहल्ला, नाइयों की गली, माली मोहल्ला, होली चौक, गांधी चौक तथा खेड़ाखुट माताजी मंदिर के सामने से गुजरेगा। इसके बाद गर्ग मोहल्ला और ब्राह्मणों के मोहल्ले से होते हुए संचलन सड़क मार्ग से मारुओं की गली पहुंचेगा।
यहां से स्वयंसेवक जैन मंदिर के सामने, डाक नीम, सदर बाजार, खाकल देवजी बावजी के सामने, बस स्टैंड, नागाजी की बावड़ी एवं स्कूल के पीछे से होते हुए पुनः खाई मैदान पहुंचेंगे, जहां पथ संचलन का समापन होगा।
पथ संचलन के दौरान अनुशासित कतारों में कदमताल करते स्वयंसेवक नगरवासियों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। नगर के विभिन्न मोहल्लों और प्रमुख चौराहों पर समाजजनों की ओर से पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, खेरोदा मंडल ने समस्त नगरवासियों, युवाओं एवं समाजजनों से विजयादशमी उत्सव में सहभागिता निभाने तथा पथ संचलन के स्वागत के लिए अधिकाधिक संख्या में उपस्थित रहने का आह्वान किया है।