खेरवाड़ा के स्कूल परिसर में अधिकारी छात्राओं को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक करते दिख रहे हैं।

खेरवाड़ा में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान (SSR-2027) के तहत नए मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में पंजीकरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 17 से 19 वर्ष आयु वर्ग की पात्र बालिकाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया और फॉर्म-6 भरने की जानकारी दी गई।

विधानसभा निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) दीपक कुमार अग्रवाल, कय्यूम खां मकरानी, सुनील सोनी, हितेन्द्र कुमार भाटिया, सुमित सुथार एवं मयंक पंचाल ने बालिकाओं को मतदाता पंजीकरण से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने उन्हें फॉर्म-6 भरने और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय स्टाफ के सहयोग से शिविर में बालिकाओं के अधिकाधिक फॉर्म एकत्रित कर ऑनलाइन किए गए। वहीं, ऑनलाइन प्रक्रिया से वंचित रहने वाली बालिकाओं के ऑफलाइन फॉर्म भी भरवाए गए। उन्हें संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया गया।

शिविर के माध्यम से पात्र बालिकाओं को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया से जोड़ने और विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान (SSR-2027) के तहत उनके नाम मतदाता सूची में शामिल करवाने के लिए जागरूक किया गया।

Tags: