डबायचा के हंगात फला और अहारी फला को मिला नया मुखी, सर्वसम्मति से शैलेश अहारी महाराज का चयन
ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से हंगात और अहारी फला के विकास, आपसी भाईचारे और विवादों के समाधान के लिए लिया फैसला।
सफेद शर्ट और पगड़ी पहने नवनियुक्त मुखी शैलेश अहारी महाराज डबायचा गांव में सामाजिक नेतृत्व के चयन के संदर्भ में दिख रहे हैं।
खेरवाड़ा। ग्राम पंचायत डबायचा के हंगात फला एवं अहारी फला में सामाजिक नेतृत्व को लेकर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। दोनों फलों के मोतबिरानों, वार्ड पंचों एवं आमजन की सहमति से शैलेश अहारी महाराज को दोनों फलों का मुखी नियुक्त किया गया।
इस अवसर पर वार्ड पंच भूरालाल एवं वार्ड पंच विश्राम सहित मीठालाल और क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सर्वसम्मति से हुए इस चयन के दौरान दोनों फलों के विकास और सामाजिक एकता को लेकर सामूहिक रूप से कार्य करने पर जोर दिया गया।
वार्ड पंच भूरालाल एवं विश्राम ने कहा कि हंगात फला और अहारी फला के सर्वांगीण विकास के लिए नवनियुक्त मुखी शैलेश अहारी महाराज के साथ मिलकर सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। दोनों फलों की प्रगति के लिए सभी लोग आपसी सहयोग और सहभागिता से कार्य करेंगे।
नवनियुक्त मुखी शैलेश अहारी महाराज ने कहा कि दोनों फलों में आपसी भाईचारा एवं सद्भाव बनाए रखना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार का विवाद या लड़ाई-झगड़ा होने पर आपसी सहमति से जाजम पर बैठकर उसका समाधान किया जाएगा, ताकि सामाजिक सौहार्द बना रहे।
उन्होंने युवाओं एवं बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ सामाजिक एकता और विकास को बढ़ावा देने की बात भी कही। सर्वसम्मति से हुए इस चयन पर ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शैलेश अहारी महाराज को शुभकामनाएं दीं। दोनों फलों के मुखी के रूप में उनकी नियुक्ति के साथ ग्रामीणों ने आपसी भाईचारे, विवादों के सामूहिक समाधान और क्षेत्र के विकास के प्रति सहयोग की प्रतिबद्धता जताई।