कानोड़ में धूमधाम से मनाया अन्नकूट महोत्सव, ठाकुरजी को लगा छप्पन भोग
दीपोत्सव पर नगर के चारभुजानाथ और ठाकुर गोपाल मंदिर में धार्मिक आयोजन हुए, श्रद्धालुओं ने महाप्रसादी ग्रहण की।
कानोड़ के मंदिर में अन्नकूट महोत्सव पर ठाकुरजी को अर्पित छप्पन भोग और सजी झांकी।
कानोड़। दीपोत्सव के अवसर पर कानोड़ नगर और आसपास के क्षेत्रों के मंदिरों में अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान ठाकुरजी को छप्पन भोग अर्पित किए गए। नगर के प्रमुख मंदिरों में विशेष धार्मिक आयोजन हुए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर दर्शन किए और महाप्रसादी का लाभ लिया।
राजपूत समाज के चारभुजानाथ मंदिर और ठाकुर गोपाल मंदिर सहित नगर के प्रमुख मंदिरों में परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार ठाकुरजी को छप्पन भोग लगाया गया। चारभुजानाथ मंदिर से जुड़े मनोहर सिंह चौहान ने बताया कि आयोजन में समाज के प्रत्येक सदस्य की उपस्थिति और भागीदारी सुनिश्चित की गई थी। समाज के सभी महिला-पुरुष पारंपरिक वेशभूषा धारण कर महाप्रसादी की आरती में शामिल हुए।
वहीं, ठाकुर गोपाल मंदिर में नगर के भक्तों ने पहुंचकर ठाकुरजी के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया। अन्नकूट महोत्सव के दौरान मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और देर शाम तक लोग मंदिर परिसर में एकत्रित रहे। दीपोत्सव के तहत आयोजित इस धार्मिक परंपरा में नगरवासियों की सामूहिक भागीदारी देखने को मिली।