उदयपुर: दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में गांजे की अवैध खेती पकड़ी, 779 किलो पौधे जब्त
मांडवा, पानरवा, कोटड़ा और बेकरिया थाना पुलिस के संयुक्त सर्च ऑपरेशन में एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन मामले दर्ज किए गए हैं।
उदयपुर के कोटड़ा में पुलिस टीम अवैध गांजे के हरे पौधों को नष्ट करते हुए।
उदयपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पहाड़ी दुर्गम क्षेत्र में लहलहा रही गांजे की अवैध फसल का पर्दाफाश किया है। मांडवा, पानरवा, कोटड़ा और बेकरिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाकर मौके से 779 किलोग्राम 790 ग्राम गांजे के हरे पौधे जब्त किए हैं। इस कार्रवाई के बाद मांडवा थाने में तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) मुकुल शर्मा और कोटड़ा वृत्ताधिकारी डूंगर सिंह के सुपरविजन में चार थानों की संयुक्त पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
अभियान में पानरवा थानाधिकारी सबीर खान मय टीम, मांडवा थानाधिकारी मूंगलाराम मय टीम, कोटड़ा थाने के उप निरीक्षक वख्तराम मय टीम और बेकरिया थाना पुलिस शामिल रही। संयुक्त पुलिस बल ने मांडवा थाना सर्किल के मौजा खारा कुपीया स्थित पहाड़ी क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान पहाड़ी इलाके में बड़े पैमाने पर गांजे की अवैध खेती किए जाने का खुलासा हुआ।
पुलिस टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए गांजे के हरे पौधों को उखाड़कर जब्त किया। जब्त पौधों का कुल वजन 779 किलोग्राम 790 ग्राम पाया गया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में की जा रही इस अवैध खेती को पकड़ने के बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू की।
मामले में मांडवा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। प्रकरण संख्या 97/2026 में खारा कुपिया, मांडवा निवासी कनिया पिता उदा को आरोपी बनाया गया है। वहीं, प्रकरण संख्या 98/2026 में इसी गांव के कपुरिया पिता उदा और प्रकरण संख्या 99/2026 में साहिबा पिता उदा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने तीनों प्रकरण दर्ज कर आगे का अनुसंधान शुरू कर दिया है। चार थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 779 किलो 790 ग्राम गांजे के पौधों की जब्ती और तीन अलग-अलग मुकदमों का दर्ज होना जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी कार्रवाई के रूप में सामने आया है।