पहाड़ा में 85 वर्षीय वृद्धा को बेहोश कर लाखों की लूट, 15 तोला सोना और चांदी ले उड़े बदमाश
बदमाशों ने घर की खिड़की तोड़कर वारदात को दिया अंजाम, 15 तोला सोना और नकदी ले उड़े
आड़ीवली गांव के खेत में पड़ी टूटी हुई अलमारी और बिखरा सामान चोरी की घटना के बाद दिखाई दे रहा है।
खेरवाड़ा। पहाड़ा थाना क्षेत्र के आड़ीवली गांव में बदमाशों ने घर में अकेली सो रही 85 वर्षीय वृद्ध महिला को बेहोश कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लूट लिए। रात के अंधेरे में घर की पिछली खिड़की तोड़कर घुसे बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। सुबह घटना का पता चलने पर गांव में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, आड़ीवली गांव निवासी सेना देवी (85) के पति रणछोड़लाल का पूर्व में निधन हो चुका है। उनका पुत्र तुलसीराम अहमदाबाद में काम करता है, जबकि पोता भी अहमदाबाद में रहता है। वृद्ध महिला घर में अकेली थीं। उनकी पोता बहू दूसरे मकान में सो रही थी। इसी दौरान रात में बदमाशों ने घर की पिछली खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सेना देवी को कोई बेहोशी का पदार्थ सुंघाकर अचेत कर दिया। इसके बाद घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए।
सुबह एक महिला अपने खेत पर गई तो उसे घर में टूटी हुई अलमारी और तिजोरी दिखाई दी। उसने तत्काल ग्रामीणों को घटना की सूचना दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां वृद्ध महिला बेहोशी की हालत में मिली। घटना की सूचना पर पहाड़ा थाना अधिकारी राजेश कुमार मीणा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर वारदात से जुड़ी आवश्यक जानकारी जुटाई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बदमाश घर से 15 तोला से अधिक सोना, करीब एक से दो किलो चांदी और घर में रखी नकदी चुराकर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने वारदात की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को घटनास्थल पर बुलाया। दोनों टीमों ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले में अग्रिम अनुसंधान कर रही है।
घर में अकेली रह रही 85 वर्षीय वृद्ध महिला को बेहोश कर लाखों के जेवरात लूटने की इस वारदात ने आड़ीवली गांव में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। रात के अंधेरे में खिड़की तोड़कर घर में घुसे बदमाशों द्वारा अंजाम दी गई इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।