यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की खेरवाड़ा शाखा का 108वां स्थापना दिवस मनाया गया
समारोह में ग्राहकों ने बैंक की सेवाओं की सराहना करते हुए भविष्य में भी बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद जताई।
खेरवाड़ा की रानी रोड स्थित यूनियन बैंक शाखा में 108वां स्थापना दिवस मनाया गया।
खेरवाड़ा। रानी रोड स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में बैंक का 108वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बैंक के सम्मानित ग्राहकों ने समारोह में शामिल होकर बैंक प्रबंधन और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मुकेश पटेल एवं अनिल पटेल सहित बैंक के कई ग्राहक उपस्थित रहे। इस दौरान ग्राहकों ने खेरवाड़ा में बैंक की ओर से आमजन और व्यापारियों को उपलब्ध करवाई जा रही बैंकिंग सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने बताया कि बैंक में विभिन्न प्रकार के वित्तीय कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो रहे हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों और व्यापारियों को काफी सुविधा मिल रही है।
स्थापना दिवस के अवसर पर ग्राहकों ने शाखा प्रबंधक एवं समस्त बैंक स्टाफ का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बैंक परिवार का अभिन्न हिस्सा मानते हुए उन्हें मूल्यवान ग्राहक के रूप में जो मान-सम्मान, स्नेह और अपनापन दिया गया है, वह उनके लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा। ग्राहकों ने इस गौरवशाली स्थापना दिवस समारोह का हिस्सा बनने का अवसर प्रदान करने के लिए भी बैंक प्रबंधन का धन्यवाद ज्ञापित किया।
ग्राहकों ने बैंक प्रबंधन से भविष्य में भी इसी तरह बेहतर बैंकिंग सेवाएं एवं सुविधाएं निरंतर उपलब्ध करवाने की अपेक्षा जताई। साथ ही बैंक की उत्तरोत्तर प्रगति की कामना की। समारोह के दौरान ग्राहकों और बैंक स्टाफ के बीच आपसी सम्मान एवं विश्वास का भाव भी देखने को मिला।