तस्वीर में विद्या निकेतन झाड़ोल में आयोजित शैक्षिक महासंघ की साधारण सभा के दौरान मंच पर खड़े पदाधिकारी 

30 अगस्त 2026 को झाड़ोल स्थित विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान विद्यालय शिक्षा खंड-झाड़ोल की साधारण सभा का आयोजन किया गया। यह महत्वपूर्ण बैठक उदयपुर के खंड पालक एवं अध्यक्ष पुष्पेंद्र कुमार जोशी के सानिध्य में संपन्न हुई। कार्यक्रम में सेवानिवृत अध्यापक अभय सिंह झाला और सत्यनारायण सुथार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साधारण सभा के दौरान विभिन्न प्रमुख शैक्षिक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसके पश्चात मंत्री प्रकाश भट्ट ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

बैठक के दौरान अ.भा.शै.म.रा.(वि.शि.) जयपुर द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत खंड-पालक पुष्पेंद्र कुमार जोशी के मनोनयन में नवीन कार्यकारिणी की आधिकारिक घोषणा की गई। नई कार्यकारिणी में गुणवेंद्र सिंह झाला को अध्यक्ष, प्रकाश भट्ट को वरिष्ठ उपाध्यक्ष और प्रताप सिंह राणावत को मंत्री का दायित्व सौंपा गया। इसके साथ ही धुलीलाल गरासिया को उपाध्यक्ष (पुरुष), सुशीला वडेरा को महिला मंत्री, हीरा गायरी को उपाध्यक्ष (महिला) तथा नारायण लाल मेघवाल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। कार्यकारिणी की घोषणा के उपरांत सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अध्यापक एवं अध्यापिकाएं उपस्थित रहे, जबकि पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन नारायण लाल मेघवाल ने किया।