पुष्कर नए बस स्टैंड के ढलान पर तीसरी बार बस के ब्रेक फेल, मंदिर की दुकानों में घुसी
पुष्कर के नए बस स्टैंड के ढलान पर स्लीपर बस के ब्रेक फेल होने से बस वराह जी मंदिर की दुकानों में घुसी, बड़ा हादसा टला।
तस्वीर में पुष्कर के नए बस स्टैंड के पास वराह मंदिर की दुकानों के आगे दुर्घटनाग्रस्त खड़ी नीले रंग की स्लीपर बस और आसपास खड़े लोग दिखाई दे रहे हैं।
शनिवार सुबह तीर्थ नगरी पुष्कर में नए बस स्टैंड के ढलान पर हरिद्वार की स्लीपर बस के ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा टल गया। ब्रेक फेल होने के बाद बस वराह जी मंदिर की दुकानों में जा घुसी। गनीमत रही कि उस समय वाहनों की आवाजाही नहीं थी और दुकानें भी खुली नहीं थीं।
तीर्थ पुरोहित पूनमचंद पाराशर ने बताया कि संखवास से हरिद्वार चलने वाली स्लीपर बस सुबह 7.30 बजे हरिद्वार से पुष्कर आई थी। चालक बस स्टैंड से गाड़ी को घुमाकर वापस बस स्टैंड की ओर ला रहा था। इसी दौरान नए बस स्टैंड के ढलान पर अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। इससे बस में बैठी सवारियों में अफरा-तफरी मच गई।
चालक ने सूझबूझ और हिम्मत दिखाते हुए बस को वराह जी मंदिर की तरफ मोड़ दिया। इसके बाद बस वराह जी मंदिर की दुकानों के आगे लगे टीन शेड से टकराकर रुक गई। यदि बस समय पर नहीं रुकती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के दौरान वाहनों की आवाजाही नहीं होने और दुकानें बंद होने के कारण किसी बड़े हादसे की स्थिति टल गई।
योगेश ने बताया कि वह मोटरसाइकिल लेकर निकल रहा था। इसी दौरान बस ढलान से तेज गति से आती दिखाई दी। उसने तुरंत अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर साइड में भागकर अपनी जान बचाई। योगेश के अनुसार, यदि वह समय रहते वहां से नहीं हटता तो वह भी बस की चपेट में आ सकता था।
बताया गया कि नए बस स्टैंड के ढलान पर यह तीसरी बार है, जब बस के ब्रेक फेल हुए हैं। लगातार तीसरी बार सामने आई इस घटना से ढलान पर बस के ब्रेक फेल होने की समस्या एक बार फिर सामने आई है।