महंगाई का बढ़ता बोझ आम आदमी की आर्थिक स्थिति पर लगातार भारी पड़ रहा है। खाद्य पदार्थों से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों तक लगभग हर वस्तु की कीमतों में वृद्धि ने गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के घरेलू बजट को बिगाड़ दिया है। दाल, चावल, गेहूं, शक्कर, खाद्य तेल, मसालों और सूखे मेवों के बढ़ते दामों के बीच अब सवाल उठने लगा है कि आखिर महंगाई के इस मुद्दे पर देश में वैसी चर्चा और राजनीतिक सक्रियता क्यों दिखाई नहीं दे रही, जैसी पहले देखने को मिलती थी।

शक्कर के भाव एक समय 75 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए थे, जो अब घटकर लगभग 55 रुपये प्रति किलो रह गए हैं। हालांकि, उपभोक्ताओं की अपेक्षा है कि कीमतों में और कमी आए तथा शक्कर उचित मूल्य पर उपलब्ध हो सके।

दालों की कीमतें भी घरेलू बजट पर असर डाल रही हैं। तुअर दाल लगभग 160 रुपये प्रति किलो, उड़द मोगर 135 से 140 रुपये और उड़द छिलका करीब 125 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। भारतीय परिवारों के भोजन में दालों की अहम भूमिका है। ऐसे में इनके महंगे होने का सीधा असर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की रसोई पर पड़ रहा है।

चावल के दामों में भी 20 से 30 रुपये प्रति किलो तक की वृद्धि होने की बात सामने आ रही है। इसका असर केवल चावल तक सीमित नहीं है, बल्कि मुरमुरे, पोहा और चावल से बनने वाली अन्य खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि एथेनॉल उत्पादन के लिए चावल की बढ़ती मांग भी कीमतों में तेजी का एक कारण है। यदि ऐसा है, तो खाद्य सुरक्षा और आम उपभोक्ता की जरूरतों के बीच संतुलन बनाने पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।

गेहूं के भाव में लगभग 10 रुपये प्रति किलो का उछाल आने से आटे की कीमतों पर भी दबाव बढ़ा है। गुड़ 50 रुपये प्रति किलो से ऊपर बिक रहा है। किराना बाजार में मसालों के दाम भी बढ़े हैं। देशी कपूर की कीमत में करीब 300 रुपये प्रति किलो की वृद्धि बताई जा रही है। सूखे मेवे भी महंगे हो चुके हैं। खाद्य तेलों में पहले ही भारी मूल्य वृद्धि हो चुकी है, हालांकि फिलहाल उनमें तेजी रुकी हुई दिखाई दे रही है।

दाल और चावल की बढ़ती कीमतें सबसे अधिक चिंता का विषय बनी हुई हैं, क्योंकि ये विलासिता की वस्तुएं नहीं, बल्कि करोड़ों परिवारों के भोजन का आधार हैं। जब दाल, चावल, आटा और तेल जैसी बुनियादी खाद्य सामग्री महंगी होगी, तो सीमित आय वाले परिवारों के लिए भोजन का खर्च संभालना चुनौती बनना स्वाभाविक है।

एक साधारण भोजन की थाली भी आज 120 से 150 रुपये तक पहुंच जाने की बात कही जा रही है। ऐसे में रोज कमाकर खाने वाले मजदूरों, छोटे कर्मचारियों और सीमित आय वाले परिवारों के सामने घरेलू बजट बनाए रखने की समस्या खड़ी हो रही है। आमदनी जिस गति से नहीं बढ़ रही, उससे कहीं अधिक तेजी से खर्च बढ़ता जा रहा है।

कपड़ा, स्टील और दूसरी आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि भी आम आदमी की जेब पर असर डाल रही है। सोना-चांदी खरीदना पहले से ही हर किसी के लिए संभव नहीं था, लेकिन बढ़ती कीमतों ने इन्हें आम लोगों की पहुंच से और दूर कर दिया है।

महंगाई का मुद्दा केवल आर्थिक आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि सीधे आम आदमी के जीवन से जुड़ा हुआ है। पहले पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 25 पैसे की वृद्धि होने पर भी देशभर में विरोध प्रदर्शन होते थे। राजनीतिक बयानबाजी के साथ आंदोलन किए जाते थे और सरकार से जवाब मांगा जाता था।

अब महंगाई के बढ़ते बोझ के बावजूद वैसी आवाज सुनाई नहीं देती। विपक्ष भी इस मुद्दे पर अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखा रहा है। लोकतंत्र में सत्ता पक्ष से सवाल पूछना विपक्ष की महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन जब विपक्ष भी खामोश दिखाई दे, तो आम जनता अपनी समस्याएं किसके सामने रखे, यह सवाल उठना लाजिमी है।

पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर चर्चा भी अब जैसे राजनीतिक बहस का पुराना विषय बन गई है, जबकि इनके दामों का असर परिवहन, खेती और व्यापार के साथ अंततः लगभग हर वस्तु की कीमत पर पड़ता है।

रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर भी आम परिवारों की चिंताएं बनी हुई हैं। गैस मिल रही है, यही सोचकर लोग धैर्य रखने को मजबूर हैं। नए गैस कनेक्शनों की उपलब्धता को लेकर भी शिकायतें सामने आती हैं। हालांकि, केवल गैस उपलब्ध होना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी कीमत भी आम आदमी की पहुंच में होना जरूरी है। सरकार की जिम्मेदारी आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ उन्हें उचित और वहनीय कीमतों पर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास करना भी है।

महंगाई का असर त्योहारों और बाजारों की रौनक पर भी दिखाई देने लगा है। दीपावली भारत का सबसे बड़ा त्योहार माना जाता है। इस दौरान बाजारों में चहल-पहल, दुकानों पर भीड़ और खरीदारी का उत्साह देखने को मिलता है। लेकिन जब परिवारों की अधिकांश कमाई भोजन, गैस, बिजली और दूसरी अनिवार्य जरूरतों पर खर्च हो जाए, तो त्योहारों की खरीदारी के लिए बजट निकालना मुश्किल हो जाता है।

यदि इस दीपावली बाजारों में अपेक्षित चहल-पहल नहीं दिखाई दे रही है, तो इसके पीछे महंगाई और लोगों की घटती क्रयशक्ति जैसे कारणों पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। बाजार में बिक्री प्रभावित होने का असर व्यापारियों के साथ छोटे कारोबारियों, कर्मचारियों और समूचे व्यापारिक क्षेत्र पर पड़ता है।

महंगाई की वास्तविक स्थिति का आकलन केवल आंकड़ों से नहीं किया जा सकता। सीमित बजट में पूरे परिवार का भोजन तैयार करने वाली गृहिणी, दिनभर मेहनत करने के बाद भी परिवार का खर्च पूरा नहीं कर पाने वाला मजदूर और बिक्री घटने के साथ बढ़ते खर्चों का सामना कर रहा छोटा दुकानदार इसकी वास्तविक परेशानी को बेहतर ढंग से समझा सकता है।

ऐसे हालात में महंगाई पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से अधिक जरूरी ठोस कदम उठाना है। खाद्य पदार्थों की कीमतों पर निगरानी, जमाखोरी और कालाबाजारी पर नियंत्रण, आपूर्ति व्यवस्था में सुधार तथा गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को राहत देने के उपाय आवश्यक हैं।

कभी महंगाई के विरोध में गूंजने वाला गीत 'महंगाई मार गई, सैंया बहुत कमाते हैं' आज फिर याद आता है। लेकिन मौजूदा हालात में सवाल यह है कि जब आमदनी सीमित हो और खर्च लगातार बढ़ते जाएं, तो आम आदमी आखिर किस सहारे अपना घर चलाए?

महंगाई केवल लोगों की जेब खाली नहीं करती, बल्कि उनकी खुशियों, सपनों और त्योहारों के उत्साह को भी प्रभावित करती है। समय रहते कीमतों पर नियंत्रण के प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो इसका असर रसोई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि व्यापार, रोजगार और देश की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ेगा।

महंगाई से जूझता आम आदमी आज अपनी जरूरतों में कटौती करने को मजबूर है। उसकी परेशानी केवल बढ़ते घरेलू खर्च की नहीं, बल्कि लगातार घटती क्रयशक्ति और भविष्य की आर्थिक चिंता की भी है। सवाल अब भी वही है कि महंगाई के इस बोझ से आम आदमी को राहत कब मिलेगी और उसकी आवाज आखिर कौन सुनेगा?

Tags: