खेरवाड़ा। नयागांव पंचायत समिति के चुनाव परिणाम सामने आने के बाद बोर्ड गठन को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। 15 सीटों वाली पंचायत समिति में किसी भी राजनीतिक दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है, लेकिन सीटों के गणित ने कांग्रेस के बोर्ड गठन की संभावनाओं को मजबूत कर दिया है। अब सभी की नजरें निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थन पर टिकी हैं।

पंचायत समिति की कुल 15 सीटों में कांग्रेस के 7 उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। वहीं भाजपा के 4, आम आदमी पार्टी (आप) के 2 और 2 निर्दलीय प्रत्याशी निर्वाचित हुए हैं। स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने के कारण बोर्ड गठन के लिए राजनीतिक दलों को समर्थन जुटाना होगा।

दोनों निर्दलीय प्रत्याशियों की भूमिका ने राजनीतिक समीकरण को दिलचस्प बना दिया है। इनमें से एक निर्दलीय को कांग्रेस समर्थित, जबकि दूसरे को भाजपा समर्थित माना जा रहा है। ऐसे में कांग्रेस खेमे को उम्मीद है कि एक निर्दलीय प्रत्याशी का समर्थन मिलने से वह पंचायत समिति में अपना बोर्ड बनाने में सफल हो जाएगी।

इधर, प्रधान पद को लेकर भी राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। कांग्रेस का बोर्ड बनने की स्थिति में पन्नालाल परमार को प्रधान पद का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। दूसरी ओर, भाजपा की तरफ से शंकरलाल खराड़ी को प्रमुख दावेदार माना जा रहा था, लेकिन चुनाव में उनकी हार के बाद भाजपा की दावेदारी को झटका लगा है।

मौजूदा राजनीतिक समीकरणों के आधार पर कांग्रेस के पन्नालाल परमार का नयागांव पंचायत समिति का अगला प्रधान बनना लगभग तय माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि पन्नालाल परमार खेरवाड़ा विधायक डॉ. दयाराम परमार के छोटे भाई हैं। विधायक से उनके पारिवारिक संबंधों और क्षेत्र में राजनीतिक पकड़ के चलते कांग्रेस खेमे में उन्हें मजबूत दावेदार माना जा रहा है।

हालांकि, पंचायत समिति में बोर्ड गठन और प्रधान पद की अंतिम तस्वीर निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थन सहित राजनीतिक समीकरण स्पष्ट होने के बाद ही सामने आएगी। फिलहाल 7 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी कांग्रेस की नजरें बोर्ड बनाने के लिए जरूरी समर्थन पर टिकी हैं।

Tags: