राज्यसभा सांसद गरासिया की मांग, देश के सभी पेट्रोल पंपों पर मिले EV चार्जिंग सुविधा
| राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया ने नई दिल्ली में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस संबंधी स्थायी समिति की बैठक में एथेनॉल मिश्रण, हरित हाइड्रोजन और देश के सभी पेट्रोल-डीजल पंपों पर इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया नई दिल्ली में संसदीय समिति की बैठक में शामिल हैं।
खेरवाड़ा। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस संबंधी स्थायी समिति की बैठक नई दिल्ली में समिति अध्यक्ष सुनील दत्तात्रेय तटकरे की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में राज्यसभा सांसद एवं समिति सदस्य चुन्नीलाल गरासिया ने देशभर के पेट्रोल और डीजल के खुदरा बिक्री केंद्रों पर इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई। उन्होंने वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों और ईंधनों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा नई योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
भाजपा के वरिष्ठ नेता पारस जैन ने बताया कि बैठक के दौरान गरासिया ने वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों एवं ईंधनों को प्रोत्साहित करने के लिए अब तक की गई पहलों की जानकारी मांगी। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में शुरू की जाने वाली नई योजनाओं का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
गरासिया ने सरकार की योजनाओं, नीतियों और कार्यों की समीक्षा कर उन्हें अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने की आवश्यकता भी जताई। उन्होंने पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस क्षेत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही, अनुसंधान तथा विकास को और मजबूत करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस देश की ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं। ऐसे में इस क्षेत्र में संसदीय निगरानी को मजबूत करना राष्ट्रहित में आवश्यक है।
बैठक में गरासिया ने एथेनॉल मिश्रण और हरित हाइड्रोजन को बढ़ावा देने के साथ ही देशभर में पेट्रोल और डीजल के खुदरा बिक्री केंद्रों पर इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी। उनकी मांग का प्रमुख उद्देश्य वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को प्रोत्साहित करने और इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग सुविधाओं का विस्तार करने से जुड़े मुद्दों को समिति के समक्ष उठाना रहा।