डूंगरपुर। मोड़ (मेवाड़ा) कलाल समाज सेवा संस्थान (11 इकाई), डूंगरपुर ने समाज में युवा नेतृत्व को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। संगठनात्मक एकता को सुदृढ़ बनाने और सामाजिक गतिविधियों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संस्थान की सभी 11 इकाइयों में 10-10 सदस्यीय युवा कार्यकारिणियों का गठन किया गया है। संबंधित इकाई प्रमुखों की सहमति से गठित इन कार्यकारिणियों के साथ प्रत्येक इकाई में एक युवा संयोजक की भी नियुक्ति की गई है, जो कार्यकारिणी के कार्यों का समन्वय करने के साथ उसका नेतृत्व करेगा।

संस्थान के अध्यक्ष राकेश कुमार पटेल ने सभी नवनियुक्त युवा संयोजकों और कार्यकारिणी सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं और परिवर्तन के वास्तविक वाहक हैं। उन्होंने अपेक्षा जताई कि सभी युवा अपनी-अपनी इकाइयों में आयोजित सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाएंगे तथा समाज के सर्वांगीण विकास के लिए तन-मन-धन से योगदान देंगे।

पटेल ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, एकजुटता, सकारात्मक सोच और समर्पण के माध्यम से समाज को नई दिशा, नई पहचान और नई ऊंचाइयां प्रदान की जा सकती हैं। उन्होंने युवा कार्यकारिणियों को समाज की गतिविधियों को गति देने के साथ नई पीढ़ी को संगठन से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला बताया।

सभी 11 इकाइयों में युवा कार्यकारिणियों के गठन से समाज के संगठनात्मक ढांचे में युवाओं की भागीदारी को नई जिम्मेदारी मिली है। इसके माध्यम से सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों के संचालन में युवा नेतृत्व की भूमिका सुनिश्चित करने की पहल की गई है।

Tags: