पंडाल के भीतर मंच व ग्रामीणों के बीच पदभार ग्रहण समारोह में जनप्रतिनिधि और लोग मौजूद हैं।

खेरवाड़ा। ग्राम पंचायत झूथरी में नवनिर्वाचित सरपंच थावरचंद मीणा, उपसरपंच अशोक मेघवाल और समस्त वार्ड पंचों ने समारोहपूर्वक पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का बैंड-बाजे और आतिशबाजी के साथ विजय जुलूस निकालकर स्वागत किया गया।

पदभार ग्रहण समारोह से पहले नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र के प्रसिद्ध कालिका माताजी मंदिर से जुलूस की शुरुआत की। वहां से वे लिम्ब गणेश मंदिर पहुंचे, जहां भगवान गणेश के प्रथम दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद बैंड-बाजे और आतिशबाजी के बीच जुलूस पंचायत भवन पहुंचा। यहां सरपंच थावरचंद मीणा, उपसरपंच अशोक मेघवाल सहित सभी वार्ड पंचों ने विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण किया।

समारोह में गांव के वरिष्ठजन और महिलाएं बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस दौरान वक्ताओं ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए पंचायत के सर्वांगीण विकास और जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

नवनिर्वाचित सरपंच थावरचंद मीणा ने कहा कि पंचायत क्षेत्र के विकास कार्यों में सभी ग्रामीणों को साथ लेकर चलेंगे। विकास से जुड़े प्रत्येक कार्य में आमजन का सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने पंचायत के सर्वांगीण विकास के लिए सक्रियता से कार्य करने का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम का संचालन नगीनराम डामोर ने किया। समारोह में ग्रामीणों की उपस्थिति के बीच नवनिर्वाचित सरपंच, उपसरपंच और वार्ड पंचों ने पंचायत की जिम्मेदारियां संभालीं।

Tags: