तस्वीर में पाटूना चौक स्थित पंडाल में स्थापित भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा दिखाई दे रही है, जिसे फूलों और वस्त्रों से सजाया गया है.

ऋषभदेव। पाटूना चौक पर गणेश उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं और नागरिकों में उत्साह का माहौल रहा। 14 सितंबर को दोपहर 12 बजे भगवान गणेश जी की भव्य सवारी पुलिस थाने के सामने से रवाना हुई और पाटूना चौक स्थित गणेश पंडाल पहुंची।

इसके बाद विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ भगवान गणेश जी की मूर्ति की स्थापना की गई। समाज के संरक्षक दिनेश टेलर ने बताया कि मूर्ति स्थापना का शुभ अवसर पूर्व विधायक नाना लाल अहारी के कर-कमलों से संपन्न हुआ।

इस अवसर पर केशरियाजी निवासी स्वर्गीय राजेन्द्र जी दर्जी की पत्नी श्रीमती निर्मला देवी ने वर्ष 2026 के लिए गणपति जी की मूर्ति भेंट की और धार्मिक लाभ प्राप्त किया। इसके लिए पीपा क्षत्रिय दर्जी समाज नवयुवक मंडल, ऋषभदेव की ओर से श्रीमती निर्मला देवी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।

गणेश उत्सव के अवसर पर 14 सितंबर की रात बाल गणेश प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छोटे बच्चों ने भगवान गणेश जी के स्वरूप में सुंदर एवं आकर्षक वेशभूषा धारण कर भाग लिया।

आयोजक मंडल के भूपेश टेलर, जिज्ञासु टेलर और जयेश टेलर ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें। आयोजकों ने कहा कि सभी नागरिकों और श्रद्धालुओं की सहभागिता, सहयोग एवं उत्साह से गणेश उत्सव का यह आयोजन और भी भव्य एवं यादगार बनेगा।

Tags: