तस्वीर में छाणी विद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी हाथ में गणेश प्रतिमा लिए खड़े हैं।

खेरवाड़ा के पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय छाणी में गणेश चतुर्थी एवं हिंदी दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए रचनात्मक और शैक्षणिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

गणेश चतुर्थी के अवसर पर विद्यार्थियों ने गणेश जी की मूर्ति निर्माण गतिविधि में भाग लिया। वहीं हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में हिंदी दिवस प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता तथा “ऑनलाइन शिक्षण” विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपने विचार और रचनात्मक कौशल प्रस्तुत किए।

विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार रावल ने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के महत्व तथा रचनात्मक गतिविधियों में सहभागिता के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिताओं में धनपाल मेघवाल, नवीनतारा मीणा एवं प्रियंका मीणा ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

कार्यक्रम की प्रभारी डिम्पल परमार एवं ख्याति शर्मा रहीं, जबकि संचालन भरत कुमार मीणा ने किया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को विद्यालय के वार्षिकोत्सव समारोह में सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान गणेश प्रतिमा के साथ विद्यार्थियों की फोटो भी ली गई।

Tags: