गांवों में सड़क, शिक्षा और मूलभूत सुविधाएं मजबूत करना सर्वोच्च प्राथमिकता : खराड़ी
खैरवाड़ा के महुवाल में मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने राजकीय विद्यालय के नवनिर्मित तीन कक्षों का उद्घाटन किया। उन्होंने गांवों में सड़क, शिक्षा, बिजली, पानी और चिकित्सा सुविधाओं को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
तस्वीर में जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी महुवाल पंचायत मुख्यालय स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नजर आ रहे हैं।
खैरवाड़ा। राज्य के जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि गांवों के विकास को राज्य एवं केंद्र सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, सड़क, बिजली, पानी और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सर्वाधिक बजट खर्च किया जा रहा है।
खराड़ी बुधवार को क्षेत्र के महुवाल पंचायत मुख्यालय स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय महुवाल में नवनिर्मित तीन कक्षों का उद्घाटन करने के बाद बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में आदिवासी क्षेत्रों की सदैव उपेक्षा की गई, जबकि भाजपा सरकार गांव, गरीब, किसान, आदिवासी सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास एवं कल्याण के लिए संकल्पित है। खराड़ी ने कहा कि हाल ही में प्रदेश में संपन्न स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा की जीत जनता में भाजपा के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने क्षेत्र में अराजकता फैलाने वाले लोगों से सावधान रहने की बात कही।
समारोह को क्षेत्र के पूर्व विधायक नानालाल अहारी, पूर्व प्रधान अमृतलाल डामोर, जनजाति मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता शंकर लाल खराड़ी, भाजपा के वरिष्ठ नेता पारस जैन, भाजपा देहात जिला मंत्री अमित कलाल और नयागांव मंडल अध्यक्ष दुर्गा भगोरा ने भी संबोधित किया।
प्रारंभ में महुवाल सरपंच नारायण परमार ने अतिथियों को मेवाड़ी पगड़ी बंधवाकर तथा ऊपरणा ओढ़ाकर स्वागत किया।
इस दौरान कनबयी मंडल अध्यक्ष नवीन रावल, पूर्व मंडल अध्यक्ष धुलेश्वर वसोहर, मंडल महामंत्री मुकेश गामोट, पूर्व मंडल महामंत्री साकरचंद लबाना, उपखंड अधिकारी शिवन्या गुप्ता, विकास अधिकारी डुगरलाल प्रजापत, भाजपा नेता जीवालाल गरासिया, बलदेव खराड़ी, धर्मेंद्र कलाल, गटुलाल बारोठ, बच्चुलाल खराड़ी और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहन लाल परमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन साकरचन्द बोडात ने किया।