ऋषभदेव थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर कानूवाड़ा के समीप तेज रफ्तार एवं लापरवाही से चलाए जा रहे बोलेरो वाहन की टक्कर से पैदल जा रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद ऋषभदेव थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार घटना 14 अगस्त की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच की है। कानूवाड़ा निवासी अनिता देवी पत्नी अंदर लाल मीणा, उम्र 34 वर्ष, ने रिपोर्ट दी कि उनके पति अंदरलाल मीणा सड़क के साइड में पैदल जा रहे थे। इसी दौरान बोलेरो वाहन नंबर जीजे 12 सीजी 5566 के चालक ने वाहन को तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए अंबरीलाल को टक्कर मार दी।

हादसे में गंभीर चोट लगने से उनकी मृत्यु हो गई। मामले में ऋषभदेव थाना पुलिस ने बीएनएस 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

ऋषभदेव थानाधिकारी हेमंत अहारी के निर्देशन में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक हर्षित कुमार को सौंपी है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों एवं ज्ञात वाहन नम्बर के आधार पर वाहन चालक के संबंध में जांच की जा रही है। हादसे में एक व्यक्ति की जान जाने के बाद पुलिस दुर्घटना के कारणों और वाहन चालक से जुड़े तथ्यों की जांच में जुटी है।

Tags: