तस्वीर में खेरवाड़ा के ठाकुर जी मंदिर परिसर में मनसा महादेव व्रत के अवसर पर बैठे हुए श्रद्धालु नजर आ रहे हैं।

खेरवाड़ा के ठाकुर जी मंदिर में सोमवार को मनसा महादेव व्रत के अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर विधि-विधान से व्रत कथा का श्रवण किया। मंदिर परिसर में ‘हर-हर महादेव’ और ‘मनसा महादेव’ के जयघोष गूंजते रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना में भाग लेकर सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की।

पंडित गिरीश पानेरी ने बताया कि भगवान शिव के प्रति आस्था का प्रतीक मनसा महादेव व्रत इस बार 16 अगस्त से शुरू हुआ है। अधिकमास होने के कारण कई श्रद्धालुओं ने अधिकमास में आने वाली चतुर्थी से ही व्रत की शुरुआत कर दी थी, जबकि परंपरागत रूप से इसकी शुरुआत सावन शुक्ल पक्ष की चतुर्थी से मानी जाती है।

धार्मिक मान्यता के अनुसार मनसा महादेव व्रत करने से श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। व्रत की शुरुआत में सुपारी पर कच्चा सूत लपेटकर भगवान शिव का स्वरूप बनाया जाता है। इसकी प्रत्येक सोमवार को विधि-विधान से पूजा की जाती है।

व्रतधारी सावन एवं कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तथा इनके बीच आने वाले प्रत्येक सोमवार को निर्जल-निराहार व्रत रखते हैं। भगवान शिव की पूजा के बाद मनसा महादेव की कथा का श्रवण किया जाता है। कथा पूर्ण होने के बाद ही अन्न-जल ग्रहण करने की परंपरा है।

Tags: