तस्वीर में ग्राम पंचायत गुड़ा में जाजिया फला से श्मशान घाट तक जाने वाला कच्चा और टूटा-फूट मार्ग दिखाई दे रहा है।

ग्राम पंचायत गुड़ा में जाजिया फला से श्मशान घाट तक जाने वाली सड़क लंबे समय से बदहाल होने से ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की परेशानी बढ़ गई है। देखरेख के अभाव में सड़क पूरी तरह टूट-फूट चुकी है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे व नाले बन गए हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

सड़क की खराब स्थिति का सबसे अधिक असर गुड़ा सीनियर सेकेंडरी स्कूल आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं पर पड़ रहा है। बरसात के दौरान सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से ग्रामीणों और विद्यार्थियों की आवाजाही और भी मुश्किल हो जाती है।

सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्राम पंचायत गुड़ा के ग्रामीणों ने सेवा पर्व पखवाड़ा के तहत आयोजित शिविर में विकास अधिकारी, नयागांव को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि वे इस समस्या को लेकर वर्ष 2025 के शिविर में भी ज्ञापन दे चुके हैं। वर्ष 2026 में पुनः लिखित ज्ञापन देकर सड़क के शीघ्र नवनिर्माण की मांग की गई है।

ज्ञापन कार्यक्रम में वार्ड पंच जयंतीलाल, सरपंच सुमित्रा डामोर, मुकेश बरांडा, नवीन खोखरिया, प्रकाश खोखरिया, मुकेश आहारी, जिनेश डामोर, शैलेश बरांडा, हरीश डामोर, प्रकाश डामोर, जीवराज बरांडा तथा खेमराज मुखी सहित कई ग्रामीण व प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने प्रशासन से विद्यार्थियों की सुविधा एवं आमजन की सुरक्षा को देखते हुए सड़क का निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाने की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों ने एकजुट होकर ‘जय जोहार’ के नारे लगाए। लंबे समय से बदहाल सड़क के कारण बनी समस्या को लेकर ग्रामीणों ने एक बार फिर प्रशासन के समक्ष सड़क निर्माण की मांग रखी है।

Tags: