पूर्व छात्रों के स्नेह मिलन में गूंजा विद्यालय विकास का संकल्प, 48 ने दिया सहयोग का भरोसा
भाणदा विद्यालय के स्नेह मिलन में 48 पूर्व छात्रों ने विकास में सहयोग का संकल्प लिया, कंप्यूटर सिस्टम और अन्य संसाधनों की पहल हुई।
तस्वीर में खेरवाड़ा के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय भाणदा में आयोजित पूर्व छात्र स्नेह मिलन समारोह के दौरान प्रधानाचार्य राकेश चौधरी का स्वागत करते और उपस्थित पूर्व छात्र नजर आ रहे हैं।
खेरवाड़ा के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय भाणदा में आयोजित पूर्व छात्रों के स्नेह मिलन समारोह में विद्यालय विकास और बालिका शिक्षा को लेकर महत्वपूर्ण संकल्प लिए गए। प्रधानाचार्य राकेश चौधरी के सान्निध्य में हुए समारोह में करीब 48 पूर्व छात्र शामिल हुए। पूर्व छात्रों और शिक्षकों ने विद्यालय में बिताए पुराने दिनों की यादें साझा कीं। इस दौरान कई खट्टे-मीठे संस्मरण सामने आए, जिन पर जमकर ठहाके भी लगे।
समारोह में विद्यालय के पुराने छात्रों, जो वर्तमान में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत हैं, से विद्यालय के विकास को लेकर चर्चा की गई। पूर्व छात्रों ने विद्यालय के उत्थान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही विद्यालय में नामांकन बढ़ाने के लिए अपने आसपास की बालिकाओं को विद्यालय में प्रवेश दिलाने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्य राकेश चौधरी ने कहा कि पूर्व छात्र ही उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि हैं। उन्होंने कहा, “मैंने अपने जीवन में आप पूर्व छात्रों को ही कमाया है। आज जब आप वापस मिले हैं तो ऐसा लग रहा है जैसे वर्षों की मेहनत की फसल उगकर सामने दिखाई दे रही है।” उन्होंने कहा कि पूर्व छात्रों और भामाशाहों का सहयोग इसी तरह मिलता रहा तो विद्यालय के विकास को कोई नहीं रोक सकता।
प्रधानाचार्य ने बताया कि भामाशाहों के सहयोग से विद्यालय में लगातार संसाधन जुटाए जा रहे हैं। आईआईएफएल संस्था की ओर से फर्नीचर सहित दो नए कक्षा-कक्ष तथा बालिकाओं के लिए आधुनिक शौचालय संकुल तैयार करवाए गए हैं। शीघ्र ही डिजिटल पढ़ाई के लिए 65 इंच का स्मार्ट टीवी तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए पर्याप्त क्षमता वाला सोलर पैनल भी लगाया जाएगा। ग्राम पंचायत की ओर से विद्यालय मैदान में इंटरलॉक पत्थर लगाने तथा पुराने कमरों की छत पर चाइना मोजेक का कार्य करवाने की घोषणा की गई है।
विद्यालय प्रशासन ने जर्जर कक्षा-कक्षों को जर्जर घोषित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, ताकि नए कक्षा-कक्षों के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध हो सके।
वहीं, 15 अगस्त के अवसर पर भामाशाह द्वारा विद्यालय में सीसीटीवी कैमरे लगाने की घोषणा की गई थी, जिन्हें जल्द स्थापित किया जाएगा। समारोह के दौरान पूर्व छात्रों ने हाथों-हाथ राशि एकत्रित कर विद्यालय को एक कंप्यूटर सिस्टम भेंट करने का निर्णय लिया तथा आवश्यक राशि भी एकत्रित कर ली। आगामी दो-तीन दिनों में कंप्यूटर सिस्टम विद्यालय को सौंपा जाएगा।
प्रधानाचार्य ने कहा कि विद्यालय में हो रहे इन विकास कार्यों से गांव की बेटियों को बेहतर सुविधाओं के साथ सुरक्षित वातावरण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी। यह उनका अधिकार भी है और विद्यालय परिवार का दायित्व भी। समारोह में पूर्व छात्रों ने विद्यालय के साथ अपने पुराने जुड़ाव को याद करते हुए शिक्षकों के साथ बिताए पलों को साझा किया और भविष्य में भी विद्यालय के विकास में सहयोग जारी रखने का संकल्प लिया।