खेरवाड़ा सीएचसी के उजाला सेंटर का राष्ट्रीय सलाहकार दीपक कुमार ने किया निरीक्षण
| राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत किशोरों की काउंसलिंग, आउटरीच गतिविधियों और पियर एजुकेटर्स की कार्यप्रणाली की जमीनी प्रगति की समीक्षा की गई।
खेरवाड़ा सीएचसी के उजाला सेंटर पर राष्ट्रीय सलाहकार ने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की।
खेरवाड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को भारत सरकार के राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के राष्ट्रीय सलाहकार दीपक कुमार ने उजाला सेंटर का निरीक्षण कर कार्यक्रम की कार्यप्रणाली, गतिविधियों और प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सेंटर पर संचालित सेवाओं के साथ किशोरों तक पहुंचने और उनकी काउंसलिंग से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान दीपक कुमार ने राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के संचालन, रिपोर्टिंग, एचडी, आउटरीच गतिविधियों एवं काउंसलिंग कौशल के संबंध में अधिकारियों और कर्मचारियों से चर्चा की। उन्होंने कार्यक्रम के तहत संचालित गतिविधियों की प्रगति और उनके प्रभावी क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया।
राष्ट्रीय सलाहकार ने पियर एजुकेटर्स से भी सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने उनके कार्यक्षेत्र, कार्यप्रणाली और कार्य के लिए आवश्यक कौशल के बारे में जानकारी ली। साथ ही राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और निर्धारित उद्देश्यों की दिशा में हो रही प्रगति की समीक्षा की।
इस अवसर पर जिला स्तर से राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर राकेश मीणा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेरवाड़ा के चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. अनिल कुमार गोयल, काउंसलर मनोज कुमार शर्मा, एनएचएम लेखा शाखा से संदीप मोदी, आशा सहयोगिनी संगीता पटेल, तुलसा मेघवाल और गौरव टेलर सहित संस्थान के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय सलाहकार का यह निरीक्षण उजाला सेंटर की कार्यप्रणाली, किशोरों तक पहुंचने वाली सेवाओं, काउंसलिंग व्यवस्था और राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम की जमीनी प्रगति की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा।