उदयपुर। फलासिया थाना क्षेत्र में रास्ता रोककर पिता-पुत्र के साथ मारपीट करने और उनके मोबाइल फोन व मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। तीन युवकों पर मारपीट करने के बाद दोनों को दूसरी जगह ले जाकर दोबारा हमला करने का आरोप है। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, जगदीश पुत्र कैलाश कटारा निवासी पीपला बारा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 14 नवंबर की रात करीब 9 बजे उनके पिता अपने दोस्त शंकर पुत्र धर्मा निवासी जगन्नाथपुरा थाना बागपुरा के साथ गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान घोड़ावाड़ा, उपली फली, सिगरी सीमा क्षेत्र में सिकंदर उर्फ सिकू पुत्र बसंती वडेरा निवासी सडा सहित तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया।

आरोप है कि तीनों युवकों ने दोनों के साथ लात-घूंसों से मारपीट की। इस दौरान उनके मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल को भी तोड़ दिया। इसके बाद आरोपी दोनों को दूसरी जगह ले गए, जहां उनके साथ फिर से मारपीट की। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने जगदीश की रिपोर्ट के आधार पर फलासिया थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 309(6) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। थाना अधिकारी वेलाराम के निर्देशन में मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक कालू लाल कर रहे हैं। पुलिस अब दर्ज प्रकरण के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।

Tags: