उदयपुर हत्याकांड: 3 और बाल अपचारी डिटेन, मोबाइल-नकदी बरामद
| दीपावली की रात झाड़ोल थाना क्षेत्र में युवक की हत्या और लूट के मामले में पुलिस ने सभी सात बाल अपचारियों को पकड़ लिया है।
झाड़ोल थाना पुलिस ने दीपावली की रात युवक की हत्या व लूट मामले में तीन और बाल अपचारियों को डिटेन किया।
उदयपुर। जिले के झाड़ोल थाना क्षेत्र के खांखड़ गांव में दीपावली की रात युवक की हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात के मामले में पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने फरार चल रहे शेष तीन बाल अपचारियों को भी डिटेन कर लिया है। इनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दूसरी मोटरसाइकिल, लूटी गई नकदी और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। इस मामले में अब तक कुल सात बाल अपचारियों को डिटेन किया जा चुका है।
जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत बिश्नोई एवं वृत्ताधिकारी झाड़ोल विवेक सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी झाड़ोल चन्द्रपाल सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 8 नवंबर 2026 को दीपावली की रात आरोपियों ने खांखड़ गांव में एक युवक की हत्या कर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस संबंध में गोरेला निवासी बाबूलाल कश्यपिया ने 9 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उनके पुत्र भरत के साथ अज्ञात बदमाशों ने मारपीट की और उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर से दूर खेत में मेड़ के पास छोड़ दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्व में ही वारदात में शामिल चार बाल अपचारियों को डिटेन कर बाल संप्रेषण गृह भिजवा दिया था। वहीं, शेष तीन बाल अपचारियों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र से मिली सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने तीनों को डिटेन कर लिया।
लूट की नीयत से दिया था वारदात को अंजाम
पुलिस पूछताछ में प्रथम दृष्टया सामने आया है कि आरोपियों ने लूट की नीयत से इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने बाल अपचारियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दूसरी मोटरसाइकिल के साथ लूटी गई नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस टीम का रहा विशेष योगदान
इस कार्रवाई में थानाधिकारी चन्द्रपाल सिंह, एएसआई सतीशचन्द्र, कमल कुमार, उम्मेदराम, हेड कांस्टेबल प्रदीप सिंह, किशनलाल, कांस्टेबल ओमप्रकाश, बालकृष्ण, मदनलाल, जितेन्द्र, रामेश्वर, लक्ष्मीलाल, शैलेश, महिला कांस्टेबल सविता एवं अंजू तथा साइबर सेल उदयपुर के हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह सहित पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा।