तस्वीर में पिण्डवाड़ा ब्लॉक के कला महादेव खेड़ा गांव की चितरिया फली में स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम ग्रामीण महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच करती हुई नजर आ रही है।

सिरोही। पिण्डवाड़ा ब्लॉक के भूला सेक्टर के अंतर्गत कला महादेव खेड़ा गांव की चितरिया फली में स्वास्थ्य संबंधी शिकायतों को लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीमें एक बार फिर मौके पर पहुंचीं। डिप्टी सीएमएचओ डॉ. एस.पी. शर्मा और पिण्डवाड़ा बीसीएमओ डॉ. भूपेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में दो मेडिकल टीमों ने क्षेत्र में घर-घर सर्वे कर लोगों के स्वास्थ्य की जांच की।

स्वास्थ्य विभाग की दोनों टीमों ने कुल 32 घरों का सर्वे किया। इस दौरान वहां निवासरत 225 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच में दो लोगों को बुखार, तीन लोगों को उल्टी-दस्त और नौ लोगों को फोड़े-फुंसियों की शिकायत मिली। सभी प्रभावित लोगों का मौके पर ही उपचार किया गया। जांच के दौरान कोई भी मरीज गंभीर स्थिति में नहीं पाया गया।

एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने कुल 148 ब्लड स्लाइड भी लीं, ताकि संभावित मलेरिया संक्रमण की जांच की जा सके। वहीं, एक दिन पहले लिए गए सभी ब्लड स्लाइड की जांच रिपोर्ट मलेरिया नेगेटिव आई है।

चितरिया फली में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने दोबारा सर्वे और स्वास्थ्य परीक्षण कर प्रभावित लोगों को मौके पर उपचार उपलब्ध कराया। साथ ही मलेरिया की आशंका की जांच के लिए रक्त के नमूने भी एकत्र किए गए।

Tags: