राजकीय महाविद्यालय मावली में सोमवार को अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (उच्च शिक्षा), राजस्थान एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में संत शिरोमणि रविदास के विचारों और वर्तमान भारतीय समाज में उनके योगदान पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) मनोज बहरवाल ने कहा कि संत रविदास के विचार आज भी भारतीय समाज के लिए प्रासंगिक हैं और सामाजिक समरसता एवं समानता की दिशा में प्रेरणा देते हैं।

प्रो. बहरवाल ने संत रविदास के जीवन, दर्शन और सामाजिक चेतना पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने मेवाड़ के साथ संत रविदास के अटूट संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने भक्ति, योग, धर्म और समाज सुधार के माध्यम से सामाजिक समरसता तथा समानता का संदेश दिया। उनकी 'बेगमपुरा' की कल्पना समानता, न्याय, सामाजिक समरसता और भेदभावमुक्त समाज की आदर्श अवधारणा प्रस्तुत करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से भारतीय संस्कृति, एकात्मता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेश चंद्र तिवारी ने की। स्वागत उद्बोधन में उन्होंने कहा कि इस तरह के वैचारिक एवं शैक्षिक आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, सामाजिक चेतना और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर महासंघ की महाविद्यालय इकाई के सचिव एवं खेल अधिकारी डॉ. नगेन्द्र सिंह सोलंकी भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाई गई। इस दौरान उनके जीवन, संघर्ष, जनजातीय समाज के उत्थान और राष्ट्र के प्रति योगदान को याद किया गया।

वहीं, महिला प्रकोष्ठ की ओर से राजस्थान राज्य महिला नीति के तहत नवंबर माह की निर्धारित गतिविधि के अंतर्गत छात्राओं के लिए आत्मरक्षा जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। इसके साथ ही रानी लक्ष्मीबाई केंद्र के अंतर्गत संचालित आत्मरक्षा प्रशिक्षण के द्वितीय सप्ताह में छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से छात्राओं को आत्मविश्वास और सजगता के साथ अपनी सुरक्षा करने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. नरपत राम परमार ने किया। समापन पर डॉ. नगेन्द्र सिंह सोलंकी ने अतिथियों, वक्ताओं और उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के संकाय सदस्य भारती चौहान, डॉ. पिनल जैन, नीलम चौधरी, डॉ. राखी धारवार, जगदीश चंद्र पुरोहित, वीरेंद्र सिंह शक्तावत, केशुलाल मेघवाल और अनिता मीणा सहित महाविद्यालय के स्वयंसेवक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

महाविद्यालय में आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को संत रविदास के सामाजिक समरसता के संदेश, भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और राष्ट्रभावना तथा महिला सशक्तीकरण एवं आत्मनिर्भरता के महत्व से परिचित कराने का प्रयास किया गया।

Tags: