उदयपुर जिले के नयागांव स्थित पहाड़ा पुलिस थाना भवन और उसका प्रवेश द्वार चोरी मामले की जांच के संदर्भ में दिख रहा है।

उपखंड नयागांव के पहाड़ा थाना क्षेत्र स्थित बंजारा वाड़ा में चार दिन पूर्व हुई लाखों रुपए की चोरी की वारदात का अब तक खुलासा नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया है। चोरी के मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने बंजारा वाड़ा सभा भवन में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर शीघ्र कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई।

बैठक में ऋषभदेव पुलिस उप अधीक्षक अर्जुन सिंह राठौड़ मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं पहाड़ा थानाधिकारी राजेश कुमार मीणा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। पूर्व जिला प्रमुख केवलचंद लबाना एवं मोतीबिरान भी बैठक में उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं ने चोरी की वारदात का अब तक खुलासा नहीं होने और किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष अपनी आपत्ति रखते हुए कहा कि लाखों रुपए की चोरी की घटना के बावजूद अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंचा जा सका है। उन्होंने पुलिस से मामले में जल्द कार्रवाई कर चोरी की वारदात का पर्दाफाश करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।

ग्रामीणों की नाराजगी पर डीएसपी अर्जुन सिंह राठौड़ ने आश्वस्त किया कि पुलिस चोरी की वारदात के खुलासे के लिए विभिन्न स्तरों पर लगातार प्रयास कर रही है। मामले की जांच मुखबिर तंत्र, सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सहायता और लोकेशन के आधार पर की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग की ओर से मामले के खुलासे में कोई कमी नहीं रखी जा रही है।

बैठक के बाद भी ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग दोहराई। चार दिन पहले हुई लाखों रुपए की चोरी का खुलासा और आरोपियों की गिरफ्तारी अब पुलिस के सामने प्रमुख चुनौती बनी हुई है।

Tags: