नाथद्वारा और आमेट नगरपालिका क्षेत्रों में बुधवार, 09 सितंबर 2026 को नगर निकाय चुनाव की निर्वाचन ड्यूटी में नियोजित रहे कार्मिकों को गुरुवार, 10 सितंबर 2026 को अवकाश दिया जाएगा। संबंधित कार्मिकों को 10 सितंबर को ऑन ड्यूटी माना जाएगा और नियमानुसार उन्हें इसका लाभ मिलेगा।

राजसमंद में नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत बुधवार को नाथद्वारा नगरपालिका एवं आमेट नगरपालिका क्षेत्र में निर्वाचन संबंधी विभिन्न दायित्वों पर मतदान दलों के कार्मिकों को नियोजित किया गया था। इन कार्मिकों ने निर्वाचन कार्य के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए बुधवार को अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर श्री अरुण कुमार हसीजा ने बताया कि निर्वाचन ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों की ड्यूटी को देखते हुए गुरुवार को उन्हें अवकाश प्रदान किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बुधवार को नाथद्वारा एवं आमेट नगरपालिका क्षेत्र में निर्वाचन ड्यूटी पर रहे संबंधित कार्मिकों को गुरुवार, 10 सितंबर 2026 को अपने नियमित कार्यालय अथवा कार्यस्थल पर उपस्थित होने की आवश्यकता नहीं होगी।

इन कार्मिकों को 10 सितंबर के लिए ऑन ड्यूटी माना जाएगा तथा नियमानुसार अवकाश का लाभ प्रदान किया जाएगा। यह व्यवस्था केवल नाथद्वारा एवं आमेट में निर्वाचन ड्यूटी में नियोजित रहे संबंधित कार्मिकों के लिए लागू होगी।

Tags: