स्थानीय निकाय चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में सेवा संकल्प महा अभियान चलाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के सफर को पार्टी जन-जन तक पहुंचाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होने वाला यह अभियान करीब एक महीने तक चलेगा।

क्षेत्र के भाजपा के वरिष्ठ नेता पारस जैन ने बताया कि अभियान में भाजपा का विशेष फोकस जैन-जी यानी युवा पीढ़ी पर रहेगा। इसके लिए ‘नेशनल इन्नोवेशन चैलेंज’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। युवाओं को स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए शोध, तकनीक और नवाचार आधारित सुझाव एवं मॉडल प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा।

भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने अभियान को केवल मोदी सरकार की उपलब्धियों के प्रचार तक सीमित रखने के बजाय ‘सेवा की भावना’ को केंद्र में रखकर जन भागीदारी से जोड़ने की रणनीति बनाई है। अभियान के तहत सेवा सेतु कार्यक्रम भी चलाया जाएगा।

सेवा सेतु कार्यक्रम का उद्देश्य ऐसे लोगों तक पहुंचना होगा, जो पात्र होने के बावजूद सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। ब्लॉक स्तर पर करीब 15 दिन तक संबंधित विभागों के अधिकारी जरूरी दस्तावेजों के साथ मौजूद रहेंगे, ताकि पात्र लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान कराया जा सके।

इस अभियान में भाजपा कार्यकर्ता केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी देने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि पात्र लाभार्थियों को सरकारी व्यवस्था से जोड़ने का प्रयास करेंगे। इस तरह निकाय चुनाव के बाद शुरू होने वाला सेवा संकल्प महा अभियान सेवा, जन भागीदारी और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में केंद्रित रहेगा।

Tags: