मावली मेले के वैरायटी शो पंडाल में आग से जला हुआ ढांचा और कुर्सी-सामान बिखरा दिख रहा है।

मावली में आयोजित 46वें श्री चामुंडा माताजी के विशाल मेले में सुबह करीब 3 बजे वैरायटी शो में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से शो में रखा सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, वैरायटी शो में आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। आगजनी की घटना के बाद मेले में सुरक्षा और अग्निशमन व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि हर वर्ष मेले में दमकल की व्यवस्था रहती थी, लेकिन इस बार दमकल की व्यवस्था नहीं होने की बात सामने आई है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि यदि आग विकराल रूप ले लेती तो स्थिति कितनी गंभीर हो सकती थी।

घटना के संबंध में थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के वास्तविक कारणों और घटना में किसी की भूमिका का पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जाएंगे। फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हैं। नुकसान का वास्तविक आकलन भी जांच के बाद ही सामने आ सकेगा।

जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों से नगर पालिका के मेले में वैरायटी शो नहीं लगाया जा रहा था। इस बार वैरायटी शो लगाए जाने के बाद आगजनी की घटना ने मेले की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा तेज कर दी है। अब पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ही आग लगने के कारणों तथा हुए नुकसान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Tags: