खेरोदा की सड़क पर संघ के घोष दल के स्वयंसेवक पथ संचलन करते हुए।

खेरोदा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के खेरोदा मंडल की ओर से विजयादशमी उत्सव एवं भव्य पथ संचलन का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस दौरान पूर्ण गणवेश में घोष की धुन पर कदमताल करते स्वयंसेवकों की अनुशासित रैली नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरी। जगह-जगह नगरवासियों, युवाओं और समाजजनों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

खेरोदा, 01-11-2026। विजयादशमी के पावन पर्व पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, खेरोदा मंडल की ओर से आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7:30 बजे पुलिस थाने के सामने स्थित वालीबॉल खाई मैदान में हुआ। भारतीय संस्कृति में विजयादशमी को शक्ति, शौर्य तथा अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक माना जाता है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लिए भी इस पर्व का विशेष महत्व है, क्योंकि वर्ष 1925 में इसी दिन संघ की स्थापना हुई थी।

उत्सव के बाद पूर्ण गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने घोष की धुन पर कदमताल करते हुए भव्य पथ संचलन निकाला। यह संचलन खाई मैदान से शुरू होकर कन्याशाला स्कूल के पीछे, जाटों का मोहल्ला, नाइयों की गली, माली मोहल्ला, होली चौक, गांधी चौक तथा खेड़ाखुट माताजी मंदिर के सामने से होते हुए गर्ग मोहल्ला और ब्राह्मणों के मोहल्ले पहुंचा।

इसके बाद पथ संचलन सड़क मार्ग से मारुओं की गली, जैन मंदिर के सामने, डाक नीम, सदर बाजार, खाकल देवजी बावजी के सामने, बस स्टैंड, नागाजी की बावड़ी एवं स्कूल के पीछे से होते हुए पुनः खाई मैदान पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ।

पथ संचलन के दौरान घोष की धुन पर अनुशासित कतारों में कदम से कदम मिलाकर चलते स्वयंसेवक नगरवासियों के आकर्षण का केंद्र रहे। नगर के विभिन्न मोहल्लों और प्रमुख चौराहों पर बड़ी संख्या में मौजूद नगरवासियों, युवाओं एवं समाजजनों ने पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। जैन मुनि प्रवर्तक कोमल मुनि ने भी पथ संचलन में शामिल स्वयंसेवकों का स्वागत किया।

आयोजन में नगरवासियों एवं युवाओं की विशेष सहभागिता रही। पूरे नगर में राष्ट्रभक्ति का माहौल दिखाई दिया। घोष की धुन के साथ निकले इस पथ संचलन के माध्यम से स्वयंसेवकों ने अनुशासन, संगठन, राष्ट्रभक्ति एवं सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

Tags: