खेरवाड़ा: विद्या निकेतन विद्यालय में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव
विद्या निकेतन स्कूल में बच्चों ने राधा-कृष्ण की वेशभूषा में दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, मटकी फोड़ प्रतियोगिता का भी हुआ आयोजन।
खेरवाड़ा के विद्या निकेतन विद्यालय में राधा-कृष्ण की वेशभूषा पहने कुर्सियों पर बैठे बच्चे।
खेरवाड़ा। विद्या निकेतन विद्यालय खेरवाड़ा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव हर्षोल्लास एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य रमा पानेरी के संयोजन में आयोजित महोत्सव में नन्हे-मुन्ने बच्चों की कृष्ण-राधा की आकर्षक वेशभूषा ने सभी का ध्यान खींचा।
बच्चे श्रीकृष्ण एवं राधा की मनमोहक वेशभूषा में नजर आए। बच्चों की वेशभूषा गायत्री व्यास एवं शीला परमार ने तैयार करवाई। नन्हे कृष्ण-राधा की प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।
माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य नवनीत श्रीमाली ने विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं उनके जीवन प्रसंगों की जानकारी दी। इसके बाद आस्था व्यास, हंसा परमार एवं संगीता मीणा के निर्देशन में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने कृष्ण की बाल लीलाओं, भजनों एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर जन्माष्टमी महोत्सव को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम के समापन पर मुकेश भराडा एवं बंशीलाल मेघवाल के संयोजन में मटकी फोड़ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मटकी फोड़ के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी आचार्य एवं दीदी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन निशा व्यास ने किया। जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान विद्यालय परिसर कृष्णमय नजर आया और बच्चों में विशेष उत्साह एवं उमंग का माहौल रहा।