तस्वीर में खेरवाड़ा स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय में आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह के दौरान छात्राएं और स्टाफ सदस्य हाथ में प्रमाण-पत्र लिए नजर आ रहे हैं।

खेरवाड़ा स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय में रानी लक्ष्मीबाई केंद्र के तत्वावधान में छात्राओं के लिए आयोजित आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह हुआ। समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय प्राचार्य प्रोफेसर प्रवीण पंड्या ने की।

शिविर का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास, साहस और सजगता बढ़ाने के साथ विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने की क्षमता विकसित करना रहा। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को पंच, ब्लॉक, कोहनी एवं घुटने से वार, पकड़ से बचाव, सुरक्षित रूप से गिरने-पलटने तथा विभिन्न परिस्थितियों में आत्मरक्षा की व्यावहारिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई।

समापन समारोह के अवसर पर छात्राओं ने प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई आत्मरक्षा तकनीकों का प्रदर्शन किया। प्रशिक्षण से छात्राओं में शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक दृढ़ता और आत्मविश्वास का भी विकास हुआ। कार्यक्रम में प्रशिक्षक, महाविद्यालय स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। सफल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

अंत में डॉ. वंदना सांखला ने प्रशिक्षण शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले प्रशिक्षकों, महाविद्यालय प्रशासन, स्टाफ सदस्यों एवं छात्राओं का आभार व्यक्त किया। छात्राओं ने भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की इच्छा जताई। कार्यक्रम के दौरान सफल प्रतिभागियों के साथ प्रमाण पत्र वितरण भी किया गया।

Tags: