खेरोदा के उदय शिक्षा मंदिर में कृष्ण जन्माष्टमी पर राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे बच्चे।

खेरोदा, 03-09-2026। खेरोदा कस्बे के उदय शिक्षा मन्दिर उच्च माध्यमिक विद्यालय में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश मेनारिया ने मां सरस्वती एवं भगवान श्री कृष्ण की पूजा-अर्चना के साथ किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने श्री कृष्ण के जन्म से लेकर कंस वध तक की विभिन्न लीलाओं का भावपूर्ण मंचन कर उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

समारोह में छात्र-छात्राओं ने श्री कृष्ण को टोकरी में रखकर गोकुल ले जाने के दृश्य का सुंदर अभिनय प्रस्तुत किया। वहीं कशविका मेनारिया एण्ड पार्टी द्वारा माखन चोरी करते बाल-गोपाल की नटखट झांकी आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। जूनियर वर्ग में किर्ती गर्ग ने राधा की मनोहारी भूमिका निभाई, जबकि उदय सदन के विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण और गोपियों के संग महारास के दृश्य को जीवंत कर दिया।

बच्चों ने राधा, कृष्ण और मीरा की मनमोहक वेशभूषा धारण कर भक्तिमय भजनों पर शानदार प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की कड़ी में अध्यापिका नीलम जणवा और जशोदा गर्ग ने भक्ति गीतों की सुमधुर प्रस्तुतियां देकर पूरे वातावरण को कृष्णमय बना दिया।

विद्यार्थियों की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के लिए मटकी एवं बांसुरी सज्जा प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। मंच संचालन अध्यापक रामेश्वर लाल वर्मा ने कुशलतापूर्वक किया। साथ ही कस्बे के अन्य विद्यालय में भी श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों और आकर्षक झांकियों ने जन्माष्टमी पर्व की भक्ति और उल्लास को जीवंत कर दिया।

फोटो 01 खेरोदा के विद्यालय में कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे बच्चे एवं झांकी प्रस्तुत करते विद्यार्थी।

फोटो बुद्धि प्रकाश पाराशर खेरोदा

Tags: