खेरवाड़ा: ग्राम पंचायत सकलाल में पुल निर्माण में धांधली की शिकायत, काम रुका
ग्रामीणों ने पुल की कम ऊंचाई और खराब गुणवत्ता का आरोप लगाया, विधायक प्रत्याशी प्रवीण परमार की हस्तक्षेप के बाद जांच तक निर्माण कार्य स्थगित।
तस्वीर में खेरवाड़ा के सकलाल गांव में निर्माण स्थल पर खड़े ग्रामीण दिख रहे हैं।
खेरवाड़ा। नयागांव पंचायत समिति की सकलाल ग्राम पंचायत में चल रहे पुल निर्माण कार्य में अनियमितता की शिकायत के बाद बुधवार को मामला सामने आया। खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रत्याशी प्रवीण परमार ग्रामीणों के साथ निर्माण स्थल पर पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने पुल निर्माण की गुणवत्ता और निर्धारित मापदंडों के अनुरूप काम नहीं होने की शिकायत रखी।
ग्रामीणों ने बताया कि पुल का निर्माण वर्तमान स्तर से कुछ ऊंचाई पर किया जाना चाहिए, ताकि बारिश के दौरान पानी के बहाव से आवागमन प्रभावित न हो और पुल लंबे समय तक सुरक्षित रह सके। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार निर्माण कार्य में गुणवत्ता का पर्याप्त ध्यान नहीं रख रहा है और महज औपचारिकता पूरी की जा रही है।
मौके पर पहुंचे प्रवीण परमार ने सहायक अभियंता विनय भूषण से दूरभाष पर बात कर उन्हें स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सरकारी राशि से होने वाले विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनहित से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप ही कराया जाना चाहिए।
ग्रामीणों की शिकायत पर सहायक अभियंता ने तत्काल निर्माण कार्य रुकवाने तथा मौके पर जांच करने के बाद ही आगे का कार्य करवाने की बात कही। अब विभागीय स्तर पर होने वाली जांच के बाद पुल निर्माण की गुणवत्ता और तकनीकी मापदंडों की स्थिति स्पष्ट होगी।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। ग्रामीणों ने मांग की कि पुल निर्माण की तकनीकी जांच करवाकर उनकी मांग के अनुरूप उचित ऊंचाई पर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। फोटो में मौके पर उपस्थित ग्रामीण।