झाडोल पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे वांछित अपराधियों और अदालती वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए चार साल से फरार चल रहे दो वारंटियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।

गिरफ्तार किए गए वारंटियों में देवीलाल पुत्र कालू, उम्र 28 वर्ष, निवासी ढढावली, थाना झाडोल, जिला उदयपुर शामिल है। देवीलाल प्रकरण संख्या 569/2022 सरकार बनाम देवीलाल में वांछित था।

दूसरा गिरफ्तार वारंटी शांतिलाल पुत्र नानु, उम्र 40 वर्ष, निवासी सरादित, थाना बाघपुरा, जिला उदयपुर है। शांतिलाल प्रकरण संख्या 156/2018 सरकार बनाम शांतिलाल में वांछित था।

दोनों के खिलाफ वरिष्ठ सिविल एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय, झाडोल द्वारा गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे। इसके बाद झाडोल पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज की।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (खेरवाड़ा) रजत बिश्नोई और डीएसपी (झाडोल) विवेक सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी बुद्धाराम के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी सहयोग और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया।

चार साल से फरार चल रहे दोनों वांछित वारंटियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश किया। कार्रवाई लंबे समय से फरार चल रहे वांछित अपराधियों और अदालती वारंटियों की धरपकड़ के तहत की गई।

Tags: