पर्युषण पर्व पर खेरवाड़ा की स्वास्तिक कॉलोनी में 10 दिन होंगे धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन
खेरवाड़ा की स्वास्तिक कॉलोनी में 16 सितंबर से पर्युषण पर्व पर 10 दिन धार्मिक अनुष्ठान, महाआरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
तस्वीर में दिख रहे समाज के लोग खेरवाड़ा के मंदिर परिसर में बैठक कर रहे हैं।
स्वास्तिक कॉलोनी स्थित आदिनाथ जिनालय जैन मंदिर परिसर में दिगंबर जैन समाज की बैठक आयोजित कर 16 सितंबर से शुरू होने वाले 10 दिवसीय पर्वाधिराज पर्युषण पर्व को धूमधाम और समारोहपूर्वक मनाने का निर्णय लिया गया। पर्व के दौरान अभिषेक, शांतिधारा, पूजन, सोलह कारण विधान, महाआरती सहित प्रतिदिन धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
समाज के सदस्यों की बैठक अध्यक्ष योगेश शाह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पर्युषण पर्व के दौरान होने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
समाज के महामंत्री कपिल फडिया ने बताया कि सर्वसम्मति से तय किया गया है कि पर्युषण पर्व के दसों दिन प्रतिदिन विधानाचार्य श्री नितिन जैन एवं जयपुर के संगीतकार श्री मनोज जी एंड पार्टी के सानिध्य में पंचामृत अभिषेक, पूजन और विधान संपन्न होंगे। शाम को महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद नवयुवक मंडल एवं महिला मंडल के तत्वावधान में प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष योगेश शाह ने समाजजनों से पर्युषण पर्व के दौरान धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने तथा समाजहित में एकजुट होकर सहयोग करने का आह्वान किया।
बैठक में संरक्षक शांतिलाल वखारिया, रमेशचंद्र गांधी, उपाध्यक्ष रूपेश जैन, पूर्व अध्यक्ष कमलेश पंचोली, सांस्कृतिक मंत्री रोनक जैन, दिनेश जैन, जय कुमार, हितेश, पंकज, सौरभ, कपिल एन, नितिल जैन, विशाल गांधी सहित महिला मंडल के समाजजन उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन सांस्कृतिक मंत्री रौनक जैन ने किया। अंत में सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया।