हनुमानगढ़ तीरंदाजी प्रतियोगिता: खेरवाड़ा की श्री NS एकेडमी ने जीते स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक
70वीं राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में सृष्टि अहारी और प्राकेत खराड़ी की जोड़ी ने मिक्स्ड टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीता।
तस्वीर में मैदान पर धनुष लिए खड़े तीरंदाज हाथ से जीत का संकेत दे रहे हैं।
खेरवाड़ा की श्री एनएस आर्चरी एकेडमी के तीरंदाजों ने हनुमानगढ़ जंक्शन में आयोजित 70वीं तीरंदाजी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक हासिल किए। गुरु हरिकृष्ण सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल में 1 से 7 अक्टूबर तक आयोजित प्रतियोगिता में एकेडमी के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
अंडर-17 रिकर्व राउंड में एकेडमी की तीरंदाज सृष्टि अहारी ने उत्कृष्ट निशानेबाजी करते हुए ओवरऑल रैंकिंग में रजत पदक हासिल किया। उन्होंने एलिमिनेशन राउंड में भी कांस्य पदक जीता। वहीं, मिक्स्ड टीम इवेंट में सृष्टि अहारी और प्राकेत खराड़ी की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
श्री एनएस आर्चरी एकेडमी की ओर से खिलाड़ियों को निशुल्क तीरंदाजी प्रशिक्षण के साथ आवश्यक खेल सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से एकेडमी खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान कर रही है।
एकेडमी का उद्देश्य खेरवाड़ा क्षेत्र की प्रतिभाओं को राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना तथा खिलाड़ियों को ओलंपिक पोडियम तक पहुंचाने की दिशा में निरंतर कार्य करना है।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर एकेडमी के प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं खेलप्रेमियों ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता में मिली यह उपलब्धि खेरवाड़ा की तीरंदाजी प्रतिभाओं के प्रदर्शन को सामने लाती है।