खेरवाड़ा स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय में 'ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक' के पहले दिन स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए योग एवं स्ट्रेचिंग अभ्यास करतीं छात्राएं।

खेरवाड़ा स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय में पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन लाइफ के अंतर्गत ‘ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक’ का शुभारंभ किया गया। आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार आयोजित इस सप्ताह की शुरुआत महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. प्रवीण पंड्या ने की।

1 से 7 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस सप्ताह के प्रथम दिन छात्राओं को मिशन लाइफ की शपथ दिलाई गई। इस दौरान योग एवं स्ट्रेचिंग की गतिविधियां भी करवाई गईं और छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में छात्राओं को अधिकाधिक पौधरोपण करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। साथ ही दैनिक जीवन में जहां तक संभव हो, पैदल चलने का संकल्प लेने की अपील की गई। इन गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने और दैनिक आदतों में सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर मिशन लाइफ समिति संयोजक डॉ. वंदना सांखला, मॉनिटरिंग प्रभारी डॉ. दिव्या सोलंकी, नोडल अधिकारी नेहा चारण तथा समिति सदस्य पूजा यादव एवं कोमल डूडी उपस्थित रहे। सप्ताह के तहत आयोजित गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं को टिकाऊ जीवनशैली और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

Tags: