तस्वीर में बावलवाड़ा में आयोजित सेवा शिविर के दौरान कुर्सियों पर बैठी ग्रामीण महिलाएं और अधिकारी नजर आ रहे हैं।   

खेरवाड़ा तहसील के बावलवाड़ा गिरदावर सर्कल में आयोजित सेवा शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शिविर का आयोजन उपखंड अधिकारी निलेश कुमार कलाल के निर्देशन एवं विकास अधिकारी मंशा राम के नेतृत्व में किया गया।

शिविर प्रभारी सहायक विकास अधिकारी मोहन सिंह वर्मा की उपस्थिति में आयोजित शिविर में ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं रखीं। शिविर प्रभारी वर्मा ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री, खाता शुद्धिकरण तथा सीमा संबंधी जानकारी के प्रकरणों का समाधान किया गया। मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना तथा आयुर्वेद विभाग से संबंधित सेवाओं सहित कुल 317 लोगों को सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। पशुपालन विभाग द्वारा भी पशुपालकों को लाभान्वित किया गया।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से ग्रामीणों की बीपी और शुगर की जांच के साथ टीबी रोग की तथा अन्य जांचें की गईं। विद्युत आपूर्ति में व्यवधान से संबंधित समस्याओं का निस्तारण किया गया। त्रुटिपूर्ण मीटर से संबंधित शिकायतों का भी समाधान किया गया।

शिविर में भू-अभिलेख निरीक्षक नवीना डामोर, सांख्यकी अधिकारी नारायण लाल पटेल, प्रशासक लीला देवी, ग्राम विकास अधिकारी विजय मेनारिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनका यथासंभव मौके पर ही समाधान कराया। शिविर में विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण किया गया।

Tags: