कानोड़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंच से उपस्थित लोगों को संबोधित करते वक्ता।

कानोड़ में 1 अक्टूबर से 70वीं राज्य स्तरीय 17 व 19 वर्ष छात्र वर्ग कबड्डी खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। स्थानीय शिक्षण संस्थान तुलसी अमृत निकेतन के तत्वावधान में होने वाली प्रतियोगिता जवाहर विद्यापीठ के धारिवाल स्टेडियम में आयोजित होगी, जिसमें राजस्थान के समस्त जिलों से लगभग 100 टीमों के 1200 खिलाड़ी भाग लेंगे।

सोमवार दोपहर आयोजित सम्मान समारोह में संस्थान के अध्यक्ष मनोज कुमार भानावत ने बताया कि राज्य स्तरीय कबड्डी खेलकूद प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह तुलसी महाप्रज्ञ स्टेडियम कानोड़ में प्रातः 9 बजे से होगा। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक उदयलाल डांगी करेंगे।

सोमवार को आयोजित सम्मान समारोह की अध्यक्षता पूर्व प्रधान भीण्डर करण सिंह कोठारी ने की। पालिका अध्यक्ष रोनक सोनी मुख्य अतिथि तथा उपाध्यक्ष दिलीप सिंह सोलंकी विशिष्ट अतिथि रहे। समारोह में पालिका चुनाव में कांग्रेस व भाजपा के विजयी पार्षदों को माला, मोठड़ा और उपरना पहनाकर सम्मानित किया गया। नगर के सभी मीडिया कर्मियों को भी माला, उपरना और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

संस्थान के अध्यक्ष प्रणवीर बाबेल ने बताया कि संस्थान आगामी 5 अक्टूबर को 40 वर्ष पूरे कर 41वें वर्ष में प्रवेश करने वाला है। इस उपलक्ष्य में संस्थान की ओर से स्थापना दिवस, वार्षिकोत्सव तथा प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

इससे पूर्व प्रातःकाल संस्थान की कबड्डी टीम ने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर नगर एवं संस्थान का गौरव बढ़ाया। विजेता टीम के खिलाड़ियों का नगर में भव्य स्वागत-अभिनंदन किया गया। इस दौरान शोभायात्रा भी निकाली गई। अब 1 अक्टूबर से होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के समस्त जिलों से लगभग 100 टीमों के 1200 खिलाड़ियों की भागीदारी कानोड़ में खेल आयोजन को व्यापक स्वरूप देगी।

Tags: