गंगापुर में व्यापारी की पिटाई के विरोध में बाजार बंद, SDM को ज्ञापन सौंपा
आइसक्रीम विक्रेता से मारपीट और लूट के विरोध में व्यापारियों ने रैली निकालकर निष्पक्ष जांच और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
गंगापुर उपखण्ड कार्यालय में अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए स्थानीय व्यापारी संघ के प्रतिनिधि।
गंगापुर में सहाड़ा चौराहा से अम्बेडकर चौक तक के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर व्यापारिक एकता का परिचय दिया। 23 सितंबर की रात करीब दो दर्जन लोगों द्वारा आइसक्रीम सामान विक्रेता संपत लाल जाट की दुकान में जबरन घुसकर उनके साथ मारपीट करने और पांच हजार रुपए ले जाने के मामले को लेकर व्यापारियों ने विरोध जताया।
इस संबंध में गंगापुर थाने में मामला दर्ज कराया गया था। पुलिस ने मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पीड़ित परिवार की सुरक्षा और मामले में फरार अन्य आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर सैकड़ों व्यापारी रैली के रूप में उपखण्ड कार्यालय पहुंचे।
व्यापारियों ने उपखण्ड अधिकारी विवेक गुर्जर को ज्ञापन सौंपकर मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग की। व्यापारियों के प्रतिष्ठान बंद रहने और रैली के रूप में उपखण्ड कार्यालय पहुंचने से घटना को लेकर उनका सामूहिक विरोध सामने आया।