खेरोदा कस्बे में दीपावली के अवसर पर रोशनी से सजे बाजार और दुकानों पर उमड़ी ग्राहकों की भीड़।

खेरोदा कस्बे में दीपावली और धनतेरस का पर्व पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। दीपोत्सव के अवसर पर पूरा कस्बा रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। बाजारों से लेकर मंदिरों और घरों तक की गई आकर्षक सजावट ने पर्व की रौनक बढ़ा दी। वहीं, धनतेरस पर खरीदारी के लिए बाजारों में दिनभर चहल-पहल बनी रही और विभिन्न दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ी।

पर्व के अवसर पर खेरोदा के बाजारों में दुकानों को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया। रंग-बिरंगी रोशनी से सजे बाजार रात्रिकाल में विशेष रूप से जगमगाते नजर आए। स्थानीय मंदिरों को भी सुंदर फूलों और रंगीन लाइटों से भव्य रूप दिया गया। मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

दीपावली के पावन अवसर पर कस्बे के प्रत्येक घर और मंदिर में आस्था के दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से चारों ओर उजास और सकारात्मकता का माहौल दिखाई दिया। रोशनी के इस पर्व को लेकर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी आयु वर्ग के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

इधर, धनतेरस पर बाजारों में खरीदारी का खास उत्साह रहा। मनिहारी, ज्वेलरी और आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक्स, वस्त्र एवं कपड़ों की दुकानों के साथ विभिन्न शोरूमों और मिष्ठान की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। खरीदारी और आकर्षक सजावट के बीच पूरे कस्बे में दीपोत्सव की रौनक छाई रही।

Tags: