खेरवाड़ा में 29 मतों से दिनेश मीणा की जीत, बड़ला में टीना मीणा ने 905 वोटों से रचा इतिहास
खेरवाड़ा में दिनेश मीणा ने 29 मतों से रोमांचक जीत दर्ज की, वहीं बड़ला में टीना मीणा ने 905 वोटों के बड़े अंतर से प्रतिद्वंद्वी को हराया।
बाएं दिनेश कुमार मीणा और दाएं टीना मीणा खेरवाड़ा व बड़ला सरपंच चुनाव जीतने के बाद दिख रहे हैं।
खेरवाड़ा और समीपवर्ती ग्राम पंचायत बड़ला में सरपंच पद के चुनाव परिणामों ने क्षेत्र की सियासत में अलग-अलग तस्वीर पेश की। खेरवाड़ा में जहां कांटे की टक्कर में दिनेश कुमार मीणा ने निवर्तमान सरपंच लक्ष्मी देवी अहारी को महज 29 मतों से शिकस्त दी, वहीं बड़ला में निवर्तमान सरपंच टीना मीणा ने 905 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर अपना दबदबा कायम रखा।
खेरवाड़ा ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए दिनेश कुमार मीणा और निवर्तमान सरपंच लक्ष्मी देवी अहारी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मतगणना के दौरान दिनेश कुमार मीणा ने शुरुआत में 34 मतों से बढ़त बनाते हुए जीत हासिल की थी। हालांकि, बेहद कम मतों के अंतर को देखते हुए दोबारा मतगणना कराई गई। पुनर्गणना के बाद उनकी जीत का अंतर घटकर 29 मत रह गया। इसके बाद निर्वाचन अधिकारी ने दिनेश कुमार मीणा को विजेता घोषित किया।
चुनाव परिणाम की घोषणा देर रात करीब 1 बजे की गई। बेहद कम मतों के अंतर से मिली हार के बाद लक्ष्मी देवी अहारी को लेकर क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं और चुनावी समीक्षाएं शुरू हो गईं। वहीं, परिणाम जानने के लिए मतदाता और क्षेत्रवासी देर रात तक उत्सुकता से इंतजार करते नजर आए।
दूसरी ओर, खेरवाड़ा के समीपवर्ती ग्राम पंचायत बड़ला में निवर्तमान सरपंच टीना मीणा ने एक बार फिर जीत का परचम लहराया। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी कविता को 905 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। टीना मीणा को कुल 1463 मत प्राप्त हुए, जबकि कविता के पक्ष में 558 मत पड़े।
इस बार टीना मीणा ने पिछली जीत के मुकाबले लगभग दोगुने मतों के अंतर से विजय हासिल की। उनकी इस बड़ी जीत को क्षेत्र में विशेष राजनीतिक चर्चा का विषय माना जा रहा है। एक ओर खेरवाड़ा में महज 29 मतों के अंतर से जीत-हार का फैसला हुआ, तो दूसरी ओर बड़ला में 905 मतों के अंतर ने चुनावी मुकाबले की तस्वीर स्पष्ट कर दी।