खेरोदा में जिला स्तरीय बालिका वॉलीबॉल प्रतियोगिता आज से, 41 टीमें लेंगी हिस्सा
भींडर ब्लॉक के अधिकारियों की देखरेख में तैयारियां पूरी, 17 व 19 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाएं 26 सितंबर तक खेल मैदान में दिखाएंगी हुनर।
खेरोदा, 22 सितंबर। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम) खेरोदा में आयोजित होने वाली जिला स्तरीय 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग बालिका वॉलीबॉल प्रतियोगिता को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन बुधवार, 23 सितंबर को प्रातः 11:00 बजे विद्यालय परिसर में होगा।
प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर विद्यालय परिसर में भींडर ब्लॉक के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेंद्र कुमार चौबीसा, अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रमेश चन्द्र खटीक तथा महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय की कार्यवाहिक प्रधानाचार्य रीता त्रिवेदी के निर्देशन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतियोगिता के संचालन से जुड़े कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही खेल मैदान, आवास एवं अतिथियों की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।
जिला स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता 23 से 26 सितंबर 2026 तक महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खेरोदा के खेल मैदानों पर आयोजित होगी। प्रतियोगिता के लिए शाला दर्पण खेल पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण किया गया है।
ऑनलाइन पंजीकरण के अनुसार 17 वर्ष आयु वर्ग में 23 टीमें तथा 19 वर्ष आयु वर्ग में 18 टीमें प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं। चार दिवसीय इस जिला स्तरीय आयोजन को लेकर विद्यालय परिसर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और बुधवार को उद्घाटन के साथ प्रतियोगिता का औपचारिक आगाज होगा।