खेरवाड़ा में सांसद चुन्नीलाल गरासिया का आह्वान, पंचायती राज चुनाव में भाजपा को जिताएं
खेरवाड़ा के पलासिया पंचायत मुख्यालय पर राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया का ग्रामीणों ने स्वागत किया। समारोह में उन्होंने आगामी पंचायती राज चुनाव में भाजपा को भारी बहुमत से विजयी बनाने का आह्वान किया।
तस्वीर में राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया और अन्य भाजपा नेता पलासिया पंचायत में आयोजित समारोह के मंच पर बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं।
खेरवाड़ा में राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया ने आगामी पंचायती राज चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को भारी बहुमत से विजयी बनाने का आह्वान किया। मंगलवार को समीपवर्ती पलासिया पंचायत मुख्यालय पर उनके सम्मान में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गांवों में विकास की गति बनाए रखने के लिए भाजपा को विजयी बनाना जरूरी है।
गरासिया ने कहा कि हाल ही में संपन्न स्थानीय निकाय चुनाव में प्रदेश की जनता ने भारतीय जनता पार्टी को भारी बहुमत से विजय दिलाई है। आगामी पंचायती राज चुनाव में भी गांवों में विकास की लहर चलाने और गांवों का विकास करने के लिए भारतीय जनता पार्टी को विजय बनाना है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश और केंद्र की भाजपा सरकार गांव, गरीब, किसान, आदिवासी सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन में सदैव गांव और जनजाति समाज की उपेक्षा की गई, जबकि भारतीय जनता पार्टी जनजाति क्षेत्र के विकास के लिए सर्वाधिक बजट खर्च कर रही है।
समारोह को पूर्व प्रधान अमृतलाल डामोर, भाजपा के वरिष्ठ नेता पारस जैन, भाजपा देहात जिला मंत्री अमित कलाल एवं लक्ष्मी देवी आहारी, मंडल अध्यक्ष हेमंत मेहता, पूर्व उप प्रधान अमृतलाल पटेल, मंडल उपाध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल एवं प्रेमचंद कलाल, मंडल कोषाध्यक्ष नरेश अग्रवाल, नरेश कलाल सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।
समारोह का संचालन हेमंत मेहता ने किया, जबकि आभार अमृतलाल डामोर ने ज्ञापित किया। इससे पूर्व समारोह स्थल पहुंचने पर ग्रामीणों ने सांसद चुन्नीलाल गरासिया का बैंड-बाजे और पुष्प वर्षा के साथ जोरदार स्वागत किया। इसके बाद उन्हें जुलूस के साथ समारोह स्थल तक ले जाया गया।