तस्वीर में खैरवाड़ा के श्री रुद्राणी महाकालिका शक्तिपीठ में माता की भव्य और अलंकृत मूर्ति नजर आ रही है।

खैरवाड़ा। प्राचीन दुर्ग पर स्थित श्री रूद्राणी महाकालिका शक्तिपीठ में रविवार और एकादशी के अवसर पर पीठाधीश्वर महंत भारत भूषण महाराज के सानिध्य में सर्व लोक हिताय विशेष अनुष्ठान किया गया। अनुष्ठान में शिव और शक्ति की आराधना करते हुए सभी के कल्याण की कामना की गई।

महंत भारत भूषण महाराज ने बताया कि शिव और शक्ति के विशेष अनुष्ठान के माध्यम से सभी की भलाई की कामना की गई। इस दौरान वरुण देव तथा इंद्रदेव के मंत्रों का सस्वर पाठ किया गया। इसके बाद जगतजननी की सामूहिक विशेष महाआरती की गई।

महाआरती के समय हुई वर्षा को जगतजननी मां रुद्राणी की साक्षात कृपा का प्रमाण बताया गया। वर्षा के बीच शक्तिपीठ में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। शक्तिपीठ के संरक्षक पं. कृष्ण गोपाल जोशी, आचार्य लावण्य जोशी सहित भक्तों ने जयकारों के साथ माहौल भक्तिमय कर दिया।

इस अवसर पर भक्तों ने ‘किले वारी नो डंकों वागे छे, पेली किला वारी डौसी मने लाड लडावे, किले वारी आई तो मारी हाजरा हाजर हैं’ जैसे जयकारे लगाए। विशेष अनुष्ठान, मंत्रोच्चार, सामूहिक महाआरती और वर्षा के बीच श्रद्धालुओं की उपस्थिति से शक्तिपीठ परिसर भक्तिमय बना रहा।

Tags: