खेरवाड़ा, आगामी पंचायत राज चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी मंडल नयागांव ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा देहात जिला अध्यक्ष पुष्कर तेली के निर्देशन में मंडल के अंतर्गत आने वाले पंचायत राज एवं जिला परिषद वार्डों के लिए संयोजक एवं सह संयोजकों का मनोनयन किया गया है।

मंडल अध्यक्ष दुर्गा भगोरा, महामंत्री मुकेश कुमार गामोठ एवं कान सिंह सीसोदिया के नेतृत्व में किए गए मनोनयन के तहत वार्डवार प्रभारी, संयोजक एवं सह संयोजक नियुक्त किए गए हैं। पार्टी की ओर से पंचायत राज चुनाव को लेकर बूथ एवं वार्ड स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया गया है।

मंडल अध्यक्ष दुर्गा भगोरा ने कहा कि पंचायत राज चुनाव को लेकर भाजपा कार्यकर्ता पूरी सक्रियता के साथ बूथ एवं वार्ड स्तर तक संगठन को मजबूत करने में जुटेंगे। मंडल महामंत्री मुकेश कुमार गामोठ एवं कान सिंह सीसोदिया ने सभी नवनियुक्त संयोजक एवं सह संयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन हित में सक्रियता से कार्य करने का आह्वान किया।

मनोनयन सूची के अनुसार मंडल की सभी पंचायतों के लिए साकर चंद लबाना पूर्व महामंत्री को प्रभारी, मुकेश कुमार गामोठ महामंत्री को संयोजक एवं कुरी लाल पटेल को सह संयोजक मनोनीत किया गया है।

पार्टी पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि नवनियुक्त पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर भाजपा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। पंचायत राज चुनाव से पहले किए गए इन संगठनात्मक मनोयनों के जरिए मंडल स्तर पर चुनावी तैयारियों को गति देने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।

Tags: