अष्टांहिका महापर्व के 9 दिवसीय उपवास करने वाले व्रतियों का अभिनंदन, अनिल जैन गदिया का भव्य स्वागत
जयपुर में अष्टांहिका महापर्व के 9 दिवसीय उपवास करने वाले व्रतियों का अभिनंदन हुआ, वहीं कैलाश मानसरोवर यात्री अनिल जैन गदिया का स्वागत किया गया।
तस्वीर में गायत्री नगर स्थित आदिनाथ भवन में अष्टांहिका महापर्व के त्यागी व्रतियों और समाज के गणमान्य लोगों के साथ समिति के पदाधिकारी नजर आ रहे हैं।
दिगम्बर जैन मंदिर महारानी फार्म गायत्री नगर जयपुर मंदिर प्रबंध समिति के तत्वावधान में अष्टांहिका महापर्व के त्यागी व्रतियों के अभिनंदन समारोह का आयोजन आदिनाथ भवन गायत्री नगर में किया गया। इस अवसर पर शाश्वत तीर्थ क्षेत्र सम्मेद शिखरजी में अष्टांहिका महापर्व के दौरान 9 दिवस के उपवास करने वाले गायत्री नगर निवासी राजकुमार बाकलीवाल, श्रीमती विमला बाकलीवाल, श्रीमती उर्मिला श्रीमाल और श्रीमती रेनू बाकलीवाल का सम्मान किया गया।
मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण शाह के निर्देशन में आयोजित समारोह में मंदिर प्रबंध समिति के पदाधिकारियों और समाज के गणमान्य महानुभावों ने त्यागी व्रतियों का सम्मान कर उनके तप की अनुमोदना की।
अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन जयपुर ने बताया कि इसी अवसर पर जैन समाज के एकमात्र श्रावक श्रेष्ठी तथा गायत्री नगर निवासी कैलाश मानसरोवर यात्री अनिल जैन गदिया का भी भव्य स्वागत किया गया। अनिल जैन गदिया सातवीं बार प्रथम बैच में भारत सरकार की ओर से कैलाश मानसरोवर की यात्रा कर लौटे हैं।
त्यागी व्रतियों और अनिल जैन गदिया के सम्मान में मंदिर जी से शोभायात्रा निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस मंदिर जी पहुंची। शोभायात्रा में बैंड-बाजों के साथ बग्गी में बैठकर सहभागिता की गई। मार्ग में भी त्यागी व्रतियों का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर अनिल जैन ने सभा में कैलाश मानसरोवर यात्रा के अपने संस्मरण सुनाए और मानसरोवर यात्रा पर जाने की प्रक्रिया की जानकारी दी।
सभा में मंदिर प्रबंध समिति के विजय सोगानी, राजेश बोहरा, राकेश छाबड़ा, संजय जैन, बसंत बाकलीवाल, पदम झंझरी, संतोष गंगवाल, संतोष रावका, राकेश पटौदी सहित वरिष्ठ एडवोकेट विमल जैन, उदयभान जैन, कैलाश छाबड़ा, राजेश बाकीवाला, प्रदीप बाकलीवाल, बीना टोंगिया, प्रमिला शाह, अनीता बडजात्या, लता सोगानी, मधु छावड़ा आदि गणमान्य लोग उपस्थित थे।
अंत में शोभायात्रा मंदिर जी पहुंची, जहां सभी व्रतियों ने श्रीजी के समक्ष अर्घ्य समर्पित किए। सभा का संचालन एवं आभार व्यक्त मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण शाह ने किया।